
सिवनी यशो:- भारतवर्ष के लिए पौष माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि यानी 22 जनवरी का दिन बेहद मंगलकारी है। इस दिन अयोध्या स्तिथ राम मंदिर में रामलला के बाल विग्रह रूप की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके लिए भव्य तैयारियां की गई हैं। देशभर में उत्सव जैसा माहौल है। सिवनी नगर की हर गलियाँ, हर द्वार देव स्थानों, चौक चौराहों को आकर्षक रूप से सजाया गया है । इसी प्रकार का माहौल अन्य नगरों एवं ग्रामों में है । सिवनी नगर में सनातन समाज संघ परिवार के संगठनों ने प्राण प्रतिष्ठा के एक दिन पूर्व 21 जनवरी रविवार को विशाल रैली का आयोजन किया जो नगर के अनेक मार्गो से होकर गुजरी रैली में जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा वातावरण राममय हो रहा था । जिले में मंदिर एवं मठों को भव्य तरीके से सजाया गया है। साथ ही मंदिरों में विशेष पूजा का आयोजन भी किया गया है। नगर के मठ मंदिर सहित अन्य स्थानों पर अयोध्या प्राण प्रतिष्ठा का सीधा प्रसारण दिखाया जायेगा ।
रामलला की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर को दीपावली की तरह मनाने के लिये पूरा देश उत्सुक है और उत्साह के साथ तैयारियों में जुटा है । मंदिरों के साथ घरों को भी विद्युत रोशनी से सजाया गया है 22 जनवरी को दीपोत्सव मनाया जायेगा । बाजार में मिट्रटी के दियों की दुकाने भी लगी है और साज सज्जा के लिये दुकानदारों ने बड़ी संख्या में सामग्री रखी हुई है ।
शुभ मुहूर्त एवं योग

ज्योतिषियों की मानें तो भगवान श्रीराम की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा दिवस पर कई दुर्लभ संयोग बन रहे हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि 22 जनवरी के दिन किस समय में भगवान श्रीराम की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। आइए, प्राण-प्रतिष्ठा का शुभ समय जानते हैं-
पौष माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि संध्याकाल 07 बजकर 51 मिनट तक है। इसी तिथि पर रामलला की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। इस दिन ब्रह्म, इंद्र योग और सर्वार्थ सिद्धि योग का निर्माण हो रहा है। वहीं, अभिजीत मुहूर्त का निर्माण दोपहर 12 बजकर 11 मिनट से लेकर 12 बजकर 54 मिनट तक है।
प्राण-प्रतिष्ठा शुभ समय
अभिजीत मुहूर्त में मध्याह्न के समय ही रामलला की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। पौष माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि पर यह शुभ संयोग दोपहर 12 बजकर 29 मिनट से लेकर 12 बजकर 30 मिनट तक है। इस अवधि में कुल 84 सेकंड तक मध्याह्न का समय है। इस समय में ही मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी।
हर ओर केवल प्राण प्रतिष्ठा से संबंधित कार्यक्रम
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के कई दिन पूर्व से हर ग्राम में प्रतिष्ठा को ऐतिहासिक बनाने का कार्य चल रहा है । अक्षत कलश पूजन, अक्षत वितरण निमंत्रण, मंदिरों की सफाई घरों की साज सज्जा के साथ देव स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रम और राम कीर्तन की रैलियाँ शोभायात्रा सहित अनेक आयोजन पूरी गरिमा के साथ किये जा रहे है । रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियों का पूर्ण स्वरूप रविवार को देखने मिला हर गली चौक चौराहे और घरों में भगवा झंडे पूरी गरिमा के साथ लहरा रहे थे । सिवनी नगर में रविवार को निकली वाहन रैली में सनातन समाज के हर उम्र के व्यक्ति शामिल हुये । मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया है और 22 जनवरी को हर धार्मिक स्थानो में विशेष आयोजन आयोजित किये गये है ।







