तीन साल से पुलिस को छका रहा था डकैत, पत्नी से मिलने पहुंचा तो धर दबोचा
चिरईडोंगरी पहुंचा था आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
केवलारी में 3 साल से फरार डकैती का आरोपी गिरफ्तार
Seoni 14. September 2026
सिवनी यशो:- केवलारी थाना क्षेत्र में हथियारों के बल पर घर में घुसकर डकैती की वारदात को अंजाम देने के मामले में तीन साल से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था, लेकिन पत्नी से मिलने मंडला जिले के चिरईडोंगरी पहुंचना उसके लिए भारी पड़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मामला 30 दिसंबर 2023 की रात का है। गणेश कॉलोनी निवासी दीपक डहेरिया के घर पांच बदमाशों ने धावा बोला था। बदमाशों ने पिस्टल, कुल्हाड़ी सहित अन्य हथियारों के दम पर परिवार को डराया-धमकाया और घर से सोने-चांदी के जेवरात तथा 24 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए थे।
वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान नैनपुर निवासी प्रद्युम वैष्णव, राजस्थान के धौलपुर निवासी रामसहाय उर्फ करिया गुर्जर तथा भिंड जिले के गोहद निवासी सद्दाम उर्फ रामगणेश उर्फ रामनरेश उर्फ सरदार गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया गया था।
वहीं, मुरैना जिले के पोरसा निवासी प्रदीप उर्फ राधे पिता मनीराम कुशवाहा पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और लगातार फरार चल रहा था। पुलिस को सूचना मिली कि वह मंडला जिले के चिरईडोंगरी गांव में पत्नी से मिलने पहुंचा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रीतम सिंह तिलगाम, प्रधान आरक्षक गोविंद सल्लाम, देवीसिंह रघुवंशी तथा आरक्षक मंजीत यादव, संजय देवगढ़े, मानसिंह और अनवती की भूमिका रही।
यह भी पढ़े :-
सागर शराब त्रासदी के बाद सिवनी में तेज हुआ नशे के खिलाफ जनअभियान
लाड़ली बहना अब लाभ लेने वाली नहीं, लाभ कमाने वाली बन रही हैं: CM मोहन यादव
छिंदवाड़ा में 17 सितंबर से 100 दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आगाज
12 दिन गूंजेगा गणपति बप्पा का जयघोष! 111 किलो लड्डुओं का लगेगा महाभोग
दादा धुनी वाले एक्सप्रेस को 3 दिन छिंदवाड़ा, 3 दिन पांढुर्ना से चलाने की मांग



