(1) आत्म उपदेश सरल है:-
दूसरों को उपदेश देने के लिए बहुत ज्ञान की, विद्या की आवश्यकता पड़ती है, परन्तु अपनी आत्मा को उपदेश के लिए थोड़े से ज्ञान से भी काम चल सकता है।
दूसरों के मारने के लिए तीर तलवारों को जमा करने और उनका चलाना सीखने की आवश्यकता होती है, लेकिन आत्महत्या के लिए छोटी सी रस्सी से गले में फाँसी लग सकती है, जरा से चाकू से नस काटकर प्राण गँवाया जा सकता है।
आत्म कल्याण का मार्ग इतना सीधा और सरल है, कि उस पर चलने के लिए साधारण बुद्धि भी पर्याप्त है। यहाँ तक कि अशिक्षित व्यक्ति भी उस पर उसी तरह चल सकते हैं, जैसे राजकीय सड़क पर हर कोई बिना किसी योग्यता या प्रमाण-पत्र के भी प्रसन्नता पूर्वक चल सकता है।
(2) दोष तो अपने ही ढूँढें:-
***********************
दोष दृष्टि रखने से हमें हर वस्तु दोषयुक्त दिखाई पड़ती है। उससे डर लगता है, घृणा होती है। जिससे घृणा होती है, उसके प्रति मन सदा शंकाशील रहता है, साथ ही अनुदारता के भाव भी पैदा होते हैं।
ऐसी स्थिति में उस व्यक्ति या वस्तु से न तो प्रेम रख सकता है, न उसके गुणों के प्रति आकर्षण उत्पन्न होना ही सम्भव रहता है।
दोष दृष्टि रखने वाले व्यक्ति को धीरे-धीरे हर वस्तु बुरी, हानिकारक और त्रासदायक दीखने लगती है। उसकी दुनियाँ में सभी विराने, सभी शत्रु और सभी दुष्ट होते हैं। ऐसे व्यक्ति को कहीं शान्ति नहीं मिलती।
दूसरों की बुराइयों को ढूँढने में, चर्चा करने में जिन्हें प्रसन्नता होती है, वे वही लोग होते हैं, जिन्हें अपने दोषों का पता नहीं है। अपनी ओर दृष्टिपात किया जाय तो हम स्वयं उनसे अधिक बुरे सिद्ध होंगे, जिनकी बुराइयों की चर्चा करते हुए हमें प्रसन्नता होती है।
दूसरों के दोषों को जिस पैनी दृष्टि से देखा जाता है, यदि अपने दोषों का उसी बारीकी से पता लगाया जाय तो लज्जा से अपना सिर झुके बिना न रहेगा और किसी दूसरे का छिद्रान्वेषण करने की हिम्मत नहीं पड़ेगी।