छिंदवाड़ामध्यप्रदेशराजनीतिव्यापारसिवनी

सोयाबीन फसल पंजीयन एवं खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ.यादव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक संपन्न

छिन्दवाड़ा यशो:- मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की अध्यक्षता में शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का उद्देश्य सोयाबीन फसल पंजीयन, खाद-बीज की उपलब्धता और उनकी उचित वितरण प्रणाली सुनिश्चित करना था। इस बैठक में कलेक्टर कार्यालय छिंदवाड़ा के एन.आई.सी कक्ष से कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री मनोज खत्री, अपर कलेक्टर श्री के.सी. बोपचे, डिप्टी कलेक्टर श्री आर.के.मेहरा, कृषि विभाग के उप संचालक श्री जितेंद्र कुमार सिंह, उपायुक्त सहकारिता श्री डीएस डेहरिया, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के महाप्रबंधक श्री ए.के. जैन, जिला विपणन अधिकारी श्रीमती शिखा सरेयाम, वेयर हाउसिंग प्रबंधक श्रीमती मंजू चौरे, सहायक आपूर्ति अधिकारी श्रीमती अंजू मरावी और भू-अभिलेख अधीक्षक श्री पांडे समेत जिला उपार्जन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
सोयाबीन फसल पंजीयन एवं खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश - Seoni News

मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देश-

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान मुख्यमंत्री डॉ.यादव द्वारा अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। उन्होंने खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि डीएपी उर्वरक के बेहतर विकल्प के रूप में एनपीके उर्वरकों का उपयोग अधिक से अधिक किया जाना चाहिए। एनपीके उर्वरक किसानों के लिए अधिक प्रभावी साबित हो सकते हैं और इससे फसल की गुणवत्ता में सुधार होने की संभावना है।
       उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि खाद-बीज की कालाबाजारी, अवैध भंडारण, अवैध परिवहन और अधिक दरों पर विक्रय जैसी समस्याओं पर सख्त नजर रखी जाए और इसके दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। किसानों को समय पर और उचित दरों पर खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होगी।

सोयाबीन फसल पंजीयन-

भारत सरकार की प्राइस सपोर्ट स्कीम के अंतर्गत खरीफ वर्ष 2024 (विपणन वर्ष 2024-25) में सोयाबीन के पंजीयन के लिए 25 सितंबर 2024 से 20 अक्टूबर 2024 तक ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन किया जा रहा है। किसानों को पंजीयन के समय आवश्यक दस्तावेजों जैसे आधार कार्ड, खसरा नकल और बैंक पासबुक की प्रति पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।

समर्थन मूल्य और खरीदी तिथियां-

भारत सरकार द्वारा खरीफ 2024 के लिए सोयाबीन का समर्थन मूल्य 4892 रूपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। इस मूल्य पर सोयाबीन की खरीदी 25 अक्टूबर 2024 से 31 दिसंबर 2024 तक की जाएगी। इसके तहत मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित खरीदी एजेंसी के रूप में कार्य करेगा।

किसानों से अपील-

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित पंजीयन केंद्रों पर जाकर निर्धारित तिथियों के भीतर अपने सोयाबीन फसल का पंजीयन अवश्य कराएं। इसके साथ ही किसानों को यह सुविधा भी दी गई है कि वे एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोकसेवा केंद्र या अपने स्वयं के मोबाइल से भी पंजीयन कर सकते हैं। अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए किसान नजदीकी सेवा सहकारी समिति या कृषि विभाग के मैदानी अमले से संपर्क कर सकते हैं।

फसल और रकबा सत्यापन-

पंजीकृत किसानों के रकबा और फसल का सत्यापन राजस्व विभाग द्वारा किया जाएगा, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि योजना का लाभ सही किसानों तक पहुंचे। सरकार द्वारा दी जा रही इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को उचित समर्थन मूल्य पर उनकी उपज बेचने का अवसर प्रदान करना है और उनकी आय में वृध्दि करना है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button