मध्यप्रदेशसिवनी
राजस्व प्रकरणों की कलेक्टर सुश्री जैन ने की समीक्षा
सिवनी यशो:- कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन (Collector Ms. Sanskriti Jain ) ने शनिवार 26 अक्टूबर को राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर आरसीएमएस पोर्टल में दर्ज प्रकरणों, अविवादित नामान्तरण, बटवारा एवं सीमांकन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश सम्बंधित एसडीएम एवं तहसीलदार तथा नायब तहसीलदार को दिये।
कलेक्टर सुश्री जैन ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि 03 माह से अधिक समय से लंबित सभी राजस्व प्रकरणों के निराकरण में गति लाई जाए, सभी राजस्व प्रकरणों को आरसीएमएस पोर्टल में दर्ज किये जायें तथा पोर्टल में प्रकरणवार सम्पूर्ण प्रविष्टियां, पेशियां तथा निराकरण दर्ज किये जायें। उन्होंने अधिकारियों को अविवादित नामान्तरण एवं बटवारा प्रकरणों के भी त्वरित निराकरण के निर्देश दिये। कलेक्टर सुश्री जैन ने सीमांकन के लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिये आरआई-पटवारी का दल बनाकर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इसी तरह अतिक्रमण को चिन्हित कर सख्ती से शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये। उन्होंने विवादित नामांतरण प्रकरणों को भी सम्बंधित पक्षों के पक्ष को सुनकर पूर्ण संतुष्टि से निराकृत करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर सुश्री जैन ने स्वामित्व योजना अंतर्गत ग्रामवार नक्शे की स्थिति, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि अंतर्गत पात्र किसानों के ई-केवायसी, राजस्व वसूली, राजस्व रिकार्ड दुरूस्तिकरण सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर सुश्री जैन ने अनुभागवार भूमि आवंटन प्रकरणों की भी समीक्षा करते हुए लम्बित प्रकरणों के त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिये।



