भव्य तरीके से मनाया जाएगा राष्ट्र्र नेत्री इंदिरा गांधी व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का जन्मदिन
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवेगांव की बैठक में बनाई रणनीति
छिन्दवाड़ा यशो:- देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्व.श्रीमती इंदिरा गांधी एवं छिन्दवाड़ा जिले के विकास पुरूष कमलनाथ का जन्मदिन भव्य तरीके से मनाया जाएगा। छिन्दवाड़ा जिला मुख्यालय व पांढुर्ना जिला मुख्यालय सहित समस्त ब्लॉक मुख्यालयों, शहर व ग्रामीण अंचलों में धूमधाम व हर्षोउल्लास के साथ जन्मदिवस मनाया जाएगा। आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने व संगठनात्मक विषयों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवेगांव की बैठक हृदयगढ़ मंदिर प्रांगण में सम्पन्न हुई।
नवेगांव ब्लॉक कांग्रेस की आयोजित बैठक में तय किया गया कि राष्ट्रनेत्री श्रीमती इंदिरा गांधी जी व उनके तीसरे पुत्र कमलनाथ का जन्मदिन एक साथ मनाया जाएगा। विदित हो कि पूर्व सीएम श्री नाथ का जन्मदिवस 18 नवम्बर एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्रीमती गांधी का जन्मदिवस 19 नवम्बर को मनाया जाता है। इस बार श्री नाथ की मौजूदगी में ही राष्ट्र्रनेत्री का भी जन्मदिन मनाना तय किया गया है। आयोजित बैठक में कार्यक्रम को लेकर रूपरेखा तैयार करने के साथ ही कांग्रेस के उपस्थित पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी भी सौंपी गई। कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने व प्रदेश की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जन आंदोलन खड़ा करने की रणनीति तैयार की गई, जिस पर उपस्थित वरिष्ठ कांग्रेस जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने विचार प्रगट किये।
आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुये जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे ने कहा कि पूर्व सीएम माननीय कमलनाथ व माननीय नकुलनाथ जी हर दम व हर कदम पर कांग्रेस के प्रत्येक पदाधिकारी व कार्यकर्ता के साथ पहले भी खड़े थे और आज भी खड़े हैं। इसीलिये हमें किसी से डरने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने उपस्थित कांग्रेसजन से कहा कि संगठन को मजबूत करेंगे तो हम स्वत: मजबूत होंगे। आने वाला समय ब्लॉक से लेकर जिला, प्रदेश व देश में कांग्रेस का होगा। हम सभी को एकजुट होकर सरकार की जनविरोधी नीतियों का डटकर विरोध करना है। माननीय कमलनाथ व श्रीमती इंदिरा गांधी जी के जन्मदिवस की तैयारियों को लेकर भी उन्होंने चर्चा की।





