18 साल से पढ़ा रहे अतिथि शिक्षक अब मांग रहे स्थायित्व, कलेक्टर को सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन
12 माह का सेवाकाल, 62 वर्ष तक सेवा सुरक्षा, 13 सीएल और मानदेय के आदेश जारी करने की मांग
18 साल से पढ़ा रहे अतिथि शिक्षक, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
Chhindwara, 02 October 2026
छिंदवाड़ा यशो:- करीब 18 वर्षों से शासकीय विद्यालयों में सेवाएं दे रहे अतिथि शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों के निराकरण को लेकर मोर्चा खोल दिया है। अतिथि शिक्षक संयुक्त मोर्चा मध्यप्रदेश, जिला छिंदवाड़ा के पदाधिकारियों एवं अतिथि शिक्षकों ने प्रदेशव्यापी एक दिवसीय ज्ञापन कार्यक्रम के तहत जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर चार सूत्रीय मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से अतिथि शिक्षकों ने शासन से उनकी समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जल्द आवश्यक आदेश जारी करने की मांग की।
18 वर्षों से शिक्षा व्यवस्था में दे रहे योगदान
कार्यकारी जिला अध्यक्ष सर्वेश श्रीवास्तव ने बताया कि अतिथि शिक्षक लगभग 18 वर्षों से शासकीय विद्यालयों में पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ विद्यार्थियों को शिक्षित करने का कार्य कर रहे हैं। लंबे समय से शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने के बावजूद अतिथि शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं का अब तक अपेक्षित समाधान नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा कि वर्षों से सेवाएं दे रहे अतिथि शिक्षकों के भविष्य को लेकर शासन स्तर पर स्पष्ट और स्थायी व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता है।
हरियाणा मॉडल की तर्ज पर 12 माह का सेवाकाल और 62 वर्ष तक सेवा सुरक्षा
अतिथि शिक्षक संयुक्त मोर्चा ने मांग की है कि हरियाणा मॉडल की तर्ज पर मध्यप्रदेश में भी अतिथि शिक्षकों को 12 माह का सेवाकाल तथा 62 वर्ष की आयु तक सेवा सुरक्षा/स्थायित्व प्रदान किया जाए।
मोर्चा ने यह भी मांग रखी कि ऐसे अनुभवी और पूर्व में कार्यरत अतिथि शिक्षक, जो किसी कारणवश वर्तमान में सेवा से बाहर हो गए हैं, उन्हें उनके पूर्व अनुभव का लाभ देते हुए पुनः सेवा में आने का अवसर प्रदान किया जाए।
13 सीएल और मानदेय संबंधी आदेश जारी करने की मांग
ज्ञापन में अतिथि शिक्षकों ने 13 सीएल (कैजुअल लीव) के आदेश शीघ्र जारी करने की मांग भी उठाई। अतिथि शिक्षकों के अनुसार पूर्व में मध्यप्रदेश के शिक्षा मंत्री द्वारा 13 सीएल को लेकर घोषणा की गई थी, लेकिन इसके संबंध में आदेश जारी किए जाने की मांग अब भी लंबित है।
इसके साथ ही अतिथि शिक्षकों ने मानदेय/वेतन संबंधी आदेश भी शीघ्र जारी करने की मांग की है, ताकि लंबे समय से सेवाएं दे रहे अतिथि शिक्षकों को आर्थिक राहत मिल सके।
शासन तक मांगें पहुंचाने की अपील
अतिथि शिक्षक संयुक्त मोर्चा ने जिला प्रशासन से मांग की कि ज्ञापन में उल्लेखित मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाते हुए अतिथि शिक्षकों के हित में शीघ्र आवश्यक कार्यवाही की जाए।
इस अवसर पर अतिथि शिक्षक संघ के कार्यकारी जिला अध्यक्ष सर्वेश श्रीवास्तव, जिला मीडिया प्रभारी योगेश चौरसिया, कैलाश विश्वकर्मा, शोभाराम वर्मा, एफ.एस. परमार सहित अनेक अतिथि शिक्षक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े :-
जन-जन तक पहुंचे जनहितैषी योजनाओं का संदेश, ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ अभियान ने पकड़ी रफ्तार
रेत खदान में फिर बवाल! कर्मचारी को घेरकर मारपीट, पिछले गोलीकांड की याद से बढ़ी चिंता



