भोपाल और इंदौर में नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए 50 बच्चों का चयन
15 बच्चे ऑपरेशन के लिए सेवा सदन भोपाल भेजे गए
नेत्र रोगी 148 बच्चों की आंखों का हुआ परीक्षण
Chhindwara 15 December 2024
छिंदवाड़ा यशो:- विशेष बाल नेत्र रोग चिकित्सा एवं सर्जरी चयन शिविर में आज छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले के 148 बच्चों ने अपने नेत्र परीक्षण कराए। भोपाल के सुप्रसिद्ध नेत्र चिकित्सालय सेवा सदन की डॉ. नेहा मोता, अजय सिंह, फरहीन इदरीसी, सागर बोस और शिवम पाण्डेय की टीम ने इन बच्चों की आंखों का परीक्षण किया। इनमें से 50 बच्चों को भोपाल के सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय और इंदौर के चोइथराम हॉस्पिटल ले जाकर उनकी आंखों के ऑपरेशन नि:शुल्क किए जाएंगे। चयनित किए गए 50 में से 15 बच्चे आज संपन्न शिविर होने के तुरंत बाद ही ऑपरेशन के लिए भोपाल के सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय के लिए रवाना भी कर दिए गए हैं।
आज जिला चिकित्सालय में आयोजित इस विशेष शिविर में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल ऑफिसर डॉ. एल एन साहू, डॉ. सर्वोत्तम सिंह ठाकुर, डॉ. अक्षय बोरकर डॉ. निधि सूर्यवंशी, डॉ. भूपेन्द्र तिवारी, डॉ. राखी बुवाड़े, डॉ. हर्षवर्धन कुढ़ापे एवं संजय सातपुते सहित छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिलों के सभी विकासखण्डों की समूची आरबीएसके टीम ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उल्लेखनीय है कि 100 दिन सेवा, संकल्प और स्वास्थ्य के अभियान के तहत निरंतर आयोजित किए जा रहे स्वास्थ्य शिविरों की श्रृंखला में सांसद श्री बंटी विवेक साहू की पहल और कलेक्टर एवं जिला अंधत्व निवारण समिति के अध्यक्ष श्री शीलेन्द्र सिंह के महत्वपूर्ण सहयोग से यह शिविर स्थानीय जिला चिकित्सालय में आयोजित किया गया।
रोटरी क्लब छिंदवाड़ा के अध्यक्ष श्री दीपक खण्डेलवाल ने बताया कि इस विशेष नेत्र शिविर लिए सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय ट्रस्ट के श्री सुरेश आवतरामानी (पूर्व अपर संचालक जनसंपर्क विभाग) सहित कुल 10 सदस्यों की टीम ने छिंदवाड़ा पहुंच कर पीडि़त मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया।
बच्चों के नेत्र परीक्षण से लेकर चयनित बच्चों के ऑपरेशन तक नि:शुल्क किए जाएंगे। श्री खण्डेलवाल ने बताया कि ऑपरेशन के लिए चयनित बच्चों को भोपाल लाने और ले जाने की व्यवस्था रोटरी क्लब छिंदवाड़ा के सहयोग से की जाएगी।
छिंदवाड़ा में चयनित बच्चों को ऑपरेशन के लिए भोपाल जाने पर मरीज के साथ एक अटेण्डर भी सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय में रुक सकता है।
रोटरी क्लब छिंदवाड़ा के अध्यक्ष श्री दीपक खण्डेलवाल, सचिव श्री आशीष जैन एवं कोषाध्यक्ष श्री संजय जैन ने सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय के ट्रस्टी श्री सुरेश आवतरामानी को स्मृति चिन्ह देकर उनके एवं उनकी टीम के पीडि़त मानवता की सेवा में दिए गए योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।




