पूरी सरकार पर भारी पड़ रहे है प्रभारी अभियंता, किसान रो रहे खून के आंसू
जमीन का सीना फाड़कर दुनिया का पेट भरने वाले किसान दुर्दशा के शिकार
Seoni 30 December 2024
सिवनी यशो:- सिवनी जिला मुख्यत: कृषि प्रधान जिला है इस जिले में कृषि के अतिरिक्त कोई बड़ा उद्योग नहीं है और न ही इस प्रकार की कोई विशेष चिंता जिम्मेदारों द्वारा की गयी । जिले की अर्थव्यवस्था केवल कृषि पर ही आधारित है परंतु इस जिले के किसानों की दुर्दशा करने में सरकारी तंत्र कोई कसर नहीं छोड़ता जनप्रतिनिधियों का भी इन पर कोई असर नहीं होता वे बोलते रहते है परंतु किसानों को सुविधाएँ नहीं मिल पाती । सरकार भी किसानों को प्राथमिकता देने की बात करती है परंतु किसानों को जमीनी स्तर पर केवल परेशानी के सिवाय कुछ मिल नहीं रहा है । जमीन का सीना फाड़कर दुनिया का पेट भरने वाले किसानों की यदि इसी प्रकार दुर्दशा होते रही तो वह दिन दूर नहीं जब किसानी करने के लिये कोई तैयार नहीं होगा ।
रबी फसल के लिये यह समय बेहद महत्वपूर्ण होता है और फसल को जिंदा रखने के लिये सिंचाई की आवश्यकता है परंतु किसानों को सिंचाई के लिये पानी नहीं मिल रहा है । जिले के सिवनी एवं केवलारी विधानसभा क्षेत्र के किसान सिंचाई के लिये पर्याप्त पानी नहीं मिलने से बेहद परेशान और चिंतित है । अनेक बार विभागीय अधिकारियो एवं जिला प्रशासन से आवेदन निवेदन के बाद भी उन्हें सिंचाई के लिये पानी नहीं मिल रहा है ।
सिवनी एवं केवलारी विधानसभा क्षेत्र के विधायकों द्वारा भी सिंचाई विभाग के अधिकारियों, जिला प्रशासन और यहाँ तक की विभागीय मंत्री और विधानसभा में किसानों की परेशानियों को लेकर बात रखी जा रही है परंतु सिंचाई विभाग के प्रभारी मुख्य अभियंता अशोक डहेरिया पूरी सरकार पर भारी पड़ रहे है । सत्ता पक्ष के सिवनी विधायक दिनेश राय और विपक्ष के केवलारी विधायक ठाकुर रजनीश हरवंश तक अशोक डहेरियों की हेकड़ी से परेशान है और उनके आरोप है कि प्रभारी मुख्य अभियंता अशोक डहेरिया को झूठा और भ्रष्टाचारी बताते हुये उसकी कार्यप्रणाली को किसान विरोधी बताते हुये आपत्ति लगा चुके है । वहीं सिंचाई विभाग किसानों को तारीख पर तारीख देते हुये बेवकूफ बना रहा है परंतु सिंचाई के लिये पानी उपलब्ध नहीं करा रहा है किसानों को मजबूर होकर सड़कों पर आनंदोलन करना पड़ रहा है ।
सिवनी विधायक श्री राय ने पेंच व्यपवर्तन परियोजना अंतर्गत कलारबांकी क्षेत्र के खामखरेली डेम का गत दिवस निरीक्षण किया जिसमें उन्होंने पाया कि भोंगाखेडा के पास स्थित केनाल एवं नगझर स्थित केनाल से जो पानी की रफ्तार है वह बहुत कम है पर्याप्त मात्रा में पानी की सप्लाई नहीं की जा रही है और किसानों को समय पर सिंचाई के लिये पानी मिलना संभव नहीं है । सिवनी क्षेत्र के किसान सिवनी विधायक के निवास पर और केवलारी क्षेत्र के किसान केवलारी विधायक के निवास पर पहुँच कर केवल सिंचाई के लिये पानी की मांग करते है किसानों वे कोई जबाव देने की स्थिती में नहीं होते । केवलारी विधायक के नेतृत्व में किसान आंदोलन कर रहे है और वहीं सिवनी विधायक किसानों की समस्याओं के देखकर बेहद परेशान है । प्रभारी मुख्य अभियंता अशोक डहेरिया ने सिंचाई के पानी के लिये विधायको सहित पूरी सरकार को बोना सििबत कर दिया है ।





