दिल्ली की परेड देखने आमंत्रण पर झुन्नीबाई उईके रवाना, आज देखेंगी परेड
Seoni 25 January 2025
सिवनी यशो:- 26 जनवरी को 76 वें गणतंत्र दिवस पर दिल्ली के मुख्य कार्यक्रम में छिंदवाड़ा के पुलपुलडोह की आदिवासी महिला श्रीमती झुन्नीबाई को केन्द्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है । दिल्ली के कर्तव्यपथ में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिये श्रीमती झुन्नी बाई उईके दिल्ली के लिये रवाना वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी के साथ सम्मान के साथ रवाना हुई । श्रीमती झुन्नी बाई ने इस सुखद क्षण के लिये प्रसन्नता व्यक्त की और बताया कि इस विशेष आमंत्रण से उनके परिवारजन एवं स्नेहीजनों सहित क्षेत्रीय जनों ने उन्हें शुभकामनाएँ दी है और कहा है कि उनको मिले इस सम्मान से क्षेत्र गौरांवित हुआ है ।
पेंच टाईगर रिजर्व के उपसंचालक रजनीश कुमार ने जानकारी देते हुये बताया कि श्रीमति झुन्नीबाई उईके पति स्व. मक्खन उईके उम्र 48 वर्ष मध्यप्रदेश के छिन्दवाडा जिला अंतर्गत एक अत्यंत दूरस्थ ग्राम पुलपुलडोह की निवासी है एवं आदिवासी गोंड समुदाय से आती है तथा विगत दो दशकों से भी अधिक समय से टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में निरंतर कार्यरत है। पेंच टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में इतनी लंबी अवधि से कार्य करने वाली यह एक मात्र महिला है एवं अपने पुरूष साथी वन कर्मियों के साथ कंधा से कंधा मिला कर वन एवं वन्यप्राणियों के संरक्षण में अत्यंत साहसिक ढंग से अपना विशेष योगदान दे रही हैं।
उनको मिले आमंत्रण के पश्चात विभागीय अधिकारी के साथ उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिये दिल्ली भेजा गया है और उनके साहसिक कार्य के लिये उन्हें जो सम्मान मिला है उससे विभाग गौरव का अनुभव कर रहा है । इससे वन एवं वन्य प्राणियों की सुरक्षा के प्रति बेहतर संदेश प्रसारित होगा जो हमारे लिये सुखद अनुभव है ।
आदिवासी समाज की झुन्नीबाई वन विभाग में चौकीदार के पद पर कार्यरत है । बताते है कि झुन्नी बाई का अनेको बार खूंखार जानवारों से सामना हुआ है और उन्होंने साहस के साथ सामना किया तथा वन एवं वन्य प्राणियों की सुरक्षा का दायित्व निर्वहन किया है ।
गणतंत्र दिवस के दिल्ली मुख्य कार्यक्रम में सिवनी से झुन्नीबाई उईके विशेष अतिथि होंगी





