क्राइममध्यप्रदेशसिवनी

इंजीनियर हामिद पर NSA का शिकंजा, गौवंश वध की कथित साजिश पर सिवनी पुलिस का बड़ा एक्शन

बकरीद के दौरान लोक शांति और सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका पर सिवनी पुलिस की कड़ी कार्रवाई, सात गौवंशों को सुरक्षित कराया गया

इंजीनियर हामिद पर NSA की कार्रवाई, सिवनी पुलिस ने भेजा जबलपुर जेल

Seoni, 18 June 2026
सिवनी यशो:-  बकरीद के दौरान गौवंश वध कर जिले की शांति एवं सांप्रदायिक सौहार्द्र को प्रभावित करने की कथित साजिश रचने वाले नागपुर निवासी मोहम्मद हामिद उर्फ इंजीनियर के खिलाफ सिवनी पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल जबलपुर भेज दिया है। जिले में कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में इसे पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी सचिन परते के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 की धारा 3(2) के तहत प्रकरण तैयार कर कार्रवाई की। आरोपी को 16 जून 2026 को नागपुर (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल जबलपुर भेजा गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी मोहम्मद हामिद उर्फ इंजीनियर (69 वर्ष), निवासी सेवा सदन, सी.ए. रोड, गांधीबाग, नागपुर के विरुद्ध पूर्व में भी गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम सहित अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बकरीद के अवसर पर कुर्बानी के नाम पर गौवंश वध की योजना बनाई थी। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए सात गौवंशों को मुक्त कराकर सुरक्षित गौशाला पहुंचाया।

संवेदनशील जिले में बिगड़ सकती थी स्थिति

पुलिस का कहना है कि सिवनी जिला पूर्व में भी गौवंश वध एवं अन्य कारणों से सांप्रदायिक तनाव की घटनाओं का सामना कर चुका है। ऐसे में आरोपी का कथित कृत्य लोक शांति और सामाजिक सद्भाव के लिए गंभीर खतरा बन सकता था। इसी आधार पर पुलिस ने सामान्य आपराधिक कार्रवाई से आगे बढ़कर NSA जैसी कठोर कानूनी कार्रवाई का सहारा लिया।

कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को चेतावनी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले की शांति, कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोक शांति भंग करने वाले तत्वों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

https://doordrastinews.com/nsa-%E0%A4%95%E0%A4%BE-%E0%A4%B6%E0%A4%BF%E0%A4%95%E0%A4%82%E0%A4%9C%E0%A4%BE-%E0%A4%AC%E0%A4%95%E0%A4%B0%E0%A5%80%E0%A4%A6-%E0%A4%AA%E0%A4%B0-%E0%A4%97%E0%A5%8C%E0%A4%B5%E0%A4%82%E0%A4%B6-%E0%A4%B5/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button