वर्षो से पदस्थ श्रम निरीक्षक की कार्यप्रणाली फिर चर्चाओं
विधायक के सवाल पर मंत्री ने हटाने की घोषणा की, छिंदवाड़ा में किसी श्रमपदाधिकारी की पोस्टिंग नहीं होने देते श्रम निरीक्षक
Chhindwara 21 March 2025
छिंदवाड़ा यशो:- छिंदवाड़ा में वर्षो से पदस्थ श्रम निरीक्षक संदीप मिश्रा की कार्यप्रणाली फिर चर्चाओं में हैं। सौंसर के विधायक विजय चौरे ने विधानसभा में 20 वर्षो से पदस्थ रहने का मामला उठाया तो पंचायत एवं श्रममंत्री प्रहलाद पटेल को घोषणा करनी पड़ी की इन्हें छिंदवाड़ा से हटा दिया जाएगा। श्रम निरीक्षक संदीप मिश्रा वर्षो से छिंदवाड़ा में पदस्थ हैं इन वर्षो में कुछ एक वर्ष के लिए उनका स्थानांतरण दूसरे जिले में हुआ है लेकिन उनकी फिर पदस्थापना छिंदवाड़ा कर दी गई। जो भी श्रम पदाधिकारी बनकर छिंदवाड़ा आते रहे वे इनके रहते टिक नहीं पाए और उनका स्थानांतरण हो जाते रहा या श्रम निरीक्षक की उनसे कभी नहीं पटी,इनकी हमेशा विवादस्पद कार्यप्रणाली रही है। लेकिन अपनी पहुंच के दम पर इन पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। देखना है कि श्रममंत्री प्रहलाद पटेल घोषणा के बाद कितने दिनों में हट पाते हैं क्योंकि मंत्री श्री पटेल ने हटाने के लिए कमेटी बनाई है जबकि श्रम निरीक्षक संदीप मिश्रा के इतने चर्चे हैं कि कमेटी बनाने की कोई आवश्यकता ही नहीं है। चर्चा है कि भ्रष्टाचार कर इन्होने अकूत सम्पत्ति बनाई है यदि इनकी सम्पत्ति की जांच की जाए तो पोल खुल जाएगी। विधायक श्री चौरे ने श्रम निरीक्षक पर यह आरोप भी लगाया है कि यह लेबर आफीसर मोटी रकम लेकर छिंदवाड़ा चला जाता है और कहता है कि उपर तक पहुंचाना पड़ता है।
सिवनी मार्ग पर दो पेट्रोल पंप भी खोले
सिवनी मार्ग पर रामगढ़ी के पास इनके परिवार के नाम से दो पेट्रोल पंप भी खोले गये हैं। रामगढ़ी में एक पेट्रोल पंप है, वहीं पेंच नदी के आगे मरकाहांडी गांव में पेट्रोल पंप खोला गया है। पेट्रोल पंप किसके नाम इसकी जानकारी नहीं है लेकिन जब यहां के कर्मचारियों से पूछा जाता है तो वे कहते संदीप मिश्रा का पेट्रोल पंप है।
श्रम निरीक्षक की सम्पत्ति की जांच होनी चाहिए
वर्षो से पदस्थ श्रम निरीक्षक संदीप मिश्रा की सम्पत्ति की भी जांच होनी चाहिए चर्चा है कि इन्होने अकूत सम्पत्ति बनाई है। श्रम कार्यालय में बिना लेनदेन के कोई काम नहीं होता है। इन्होने इसके लिए एक बाबू को लगाकर रखा है।
शराब पीकर कार्यालय में बैठने की चर्चा
श्रम निरीक्षक को कार्यालय के किसी अधिकारी और कर्मचारियों से डर नहीं है। और शराब पीकर कार्यालय में बैठते हैं। बताया जाता है कि धुरेड़ी के एक दिन पहले वे रंगगुलाल लगाकर शराब के नशे में बैठे हुए थे। कुछ लोगों के पास इस अधिकारी का फोटो एवं वीडियों भी है।
पहले कांग्रेस की गोद में अब सांसद कार्यालय में देखे जाते
लेबर आफिसर संदीप मिश्रा पहले कांग्रेस के नेताओं के चक्कर लगाते थे लेकिन अब वे सांसद कार्यालय में देखे जाते हैं, बताया जाता है कि वे सांसद को प्रसन्न करने में लगे हुये हैं ताकि उनका स्थानांतरण न हो। देखना है कि मंत्री प्रहलाद पटेल की घोषणा का असर कब होता है।


