उपार्जन केन्द्र आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ प्रात: 8 बजे प्रारंभ करें – कलेक्टर
Seoni 01 April 2025
सिवनी यशो:- कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन की अध्यक्षता में मंगलवार 01 अप्रैल को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री नवजीवन विजय, अपर कलेक्टर सी एल चिनाप, अपर कलेक्टर सुश्री सुनीता खण्डायत सहित सभी विभागों के कार्यालय प्रमुख उपस्थित थे, वहीं खंडस्तरीय अधिकारी वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े थे।
सीएम हेल्प लाईन के प्रकरणो को त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें
बैठक में कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश सभी विभागीय अधिकारियों को दिये हैं। कलेक्टर सुश्री जैन ने जन सुनवाई आवेदनों तथा समय-सीमा में दर्ज किये गए प्रकरणों में भी त्वरित कार्यवाही कर प्रकरणों के निराकरण के निर्देश सभी अधिकारियों को दिये हैं।
उपार्जन से संबंधित की विस्तृत समीक्षा
बैठक में कलेक्टर सुश्री जैन ने गेहूं उपार्जन की व्यवस्थाओं की भी विस्तृत समीक्षा कर जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम, वेयर हाउस, जिला आपूर्ति अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंजीकृत किसानों से सुगम एवं सुविधाजनक रूप से मानक गुणवत्ता का गेहूं उपार्जन करने के लिए सभी केन्द्रों में सभी जरूरी व्यवस्थाऐं सुनिश्चित की जाए। उन्होंने उपार्जन केन्द्रों को प्रात: 08 बजे से प्रारंभ करने के निर्देश दिये हैं। इसी तरह बारिश की संभावनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी निर्देशित किया है। कलेक्टर सुश्री जैन ने कृषि विभाग के मैदानी अमले को उपार्जन केन्द्रों के निरीक्षण कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया है।
पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था की ली जानकारी
बैठक में कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने ग्रीष्म ऋतु में सभी ग्रामों पेयजल को लेकर चिन्हांकित किये गए संभावित समस्याग्रस्त ग्रामों में पीएचई एवं जल निगम के अधिकारियों द्वारा की गई वैकल्पिक व्यवस्था के संबंध में जानकारी लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिये गये। उन्होंने ग्रीष्म काल में सुगम जलापूर्ति के लिए नलजल योजनओं तथा हैंडपंप की त्वरित मरम्मत तथा अन्य वैकल्पिक साधनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिये।
पीएम आवास योजना में नवीन हितग्राही जोडऩे के दिये निर्देश
कलेक्टर सुश्री जैन ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत नवीन हितग्राहियों को जोडऩे के लिए चलाये जा रहे सर्वे प्रगति की समीक्षा कर सभी जनपदों के अधिकारियों को लंबित ग्रामों में सर्वे कार्य तेजी से पूरा करने के लिए निर्देशित किया। इसी तरह जिले के आंगनबाड़ी केन्?द्रों में वॉटर हार्वेस्टिंग कार्यों की प्रगति कर कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी विभाग को कार्यों को गुणवत्तापूर्ण रूप से तेजी से पूरा करने के निर्देश दिये।






