हनुमान जन्मोत्सव पर भव्य भजन संध्या में देश के विख्यात भजन गायक देंगे प्रस्तुति
गदायात्रा एवं विशाल भजन संध्या आयोजित होगी
Chhindwara 07 April 2025
छिंदवाड़ा यशो:- श्री सिद्ध सिमरिया धाम मारूतिनंदन सेवा समिति द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्री हनुमान जन्मोत्सव पर दिव्य एवं भव्य कार्यक्रम हनुमान भक्त कमलनाथ एवं हनुमान भक्त नकुलनाथ की उपस्थिति में आयोजित किये जायेंगे ।
मारूतिनंदन सेवा समिति के संयोजक आनंद बक्षी ने बताया कि, 12 अप्रैल दिन शनिवार को श्री सिद्ध सिमरिया धाम स्थित 101 फिट उंची हनुमान जी की प्रतिमा के समक्ष प्रात: 8.00 बजे सुन्दरकाण्ड ग्रुप द्वारा सुन्दरकाण्ड पाठ, प्रात: 9.30 बजे हनुमान भक्त कमलनाथ जी एवं हनुमान भक्त नकुलनाथ जी के द्वारा श्री हनुमान जी का अभिषेक पूजन, प्रात: 10.00 बजे मोहखेड विकासखंड के भजनमंडलों द्वारा प्रस्तुति, प्रात: 11.00 बजे महाप्रसाद वितरण आरंभ किया जायेगा ।
दिनाँक 12 अप्रैल दिन शनिवार को छिंदवाडा शहर स्थित दशहरा मैदान में दोप. 3.00 बजे संगीत रामायण मंडल द्वारा श्री सुन्दरकाण्ड पाठ, शाम 4.00 बजे हनुमान भक्त श्री कमलनाथ जी एवं हनुमान भक्त श्री नकुलनाथ जी द्वारा गदा पूजन किया जायेगा। तत्पश्चात दो पहिया वाहनों से सुसज्जित गदायात्रा दशहरा मैदान से अनगढ हनुमान मंदिर, महात्मा गाँधी चौक, इंदिरा तिराहा, भारत रत्न अंबेडकर चौक, भगवान परशुराम वाटिका, छत्रपति शिवाजी चौक, चंदननगर, सर्रा, इमलीखेडा, लिंगा, गोरेघाट, चिखली होकर, सिमरिया धाम में गदा अर्पण की जाएगी ।
यह उल्लेखनीय है कि, सिमरिया स्थित मंदिर में 12 अप्रैल सध्या 7.00 बजे देश के सुविख्यात गायक भजन सम्राट धीरजकांत (दिल्ली) तथा संपूर्ण देश में अनूप जलोटा जी के नाम से पहचाने जाने वाले प्रभंजय चतुर्वेदी शानदार भजनों की प्रस्तुति देंगे ।
मारूतिनंदन सेवा समिति ने समस्त हनुमान भक्तों से श्री हनुमान जी का जन्मोत्सव पूर्ण उत्साह से मनाये जाने हेतु सभी धार्मिक संगठनों, भजन मंडल, दुर्गा उत्सव एवं गणेश उत्सव समितियाँ, रामायण मंडल, जस मंडल, महिला मंडल सहित सभी धर्मप्रेमी समुदाय से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्यार्जन का आग्रह किया है ।




