कलेक्ट्रेट में धरना देकर सौंपा ज्ञापन, सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल
महिलाओं पर बढ़ती आपराधिक घटनाओं का उठाया मुद्दा
Chhindwara 15 April 2025
छिंदवाड़ा यशो:- मासूम बेटियों, महिलाओं व युवतियों के साथ जिले व पूरे प्रदेश में हो रही दरिंदगी से आहत महिला कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार को मातृशक्ति की सुरक्षा हेतु जगाने व बढ़ते हुए अपराध पर रोक लगाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन प्रस्तुत किया। जिला महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट में धरना देकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चत करने की मांग की।
जिला महिला कांग्रेस ने प्रस्तुत ज्ञापन में उल्लेख किया कि छिन्दवाड़ा जिला एवं सम्पूर्ण मप्र में मासूम बेटियों व महिलाओं के साथ लगातार जघन्य अपराध घटित हो रहे। महिलाओं से जुड़े बढ़ते आपराधिक मामलों से महिलाओं व बेटियों के मन में डर व दहशत का माहौल है वे घरों से अकेले निकलने में डर रही है। सरकार के संरक्षण प्राप्त असामाजिक गुंडों से आमजन को जान माल का खतरा है। धवस्त हो चुकी कानून व्यवस्था व भाजपा की सरकार में बेटियों व महिलाओं को सुरक्षित करने के लिए जिला महिला कांग्रेस ने बेटी बचाओ अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा की मांग की, ताकि जिले व प्रदेश में महिलाएं, बहन व बेटियों निडर होकर घर से अपने कार्य व व्यवसाय के लिए निकल सके।
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम प्रस्तुत ज्ञापन में जिला महिला कांग्रेस ने विनम्रतापूर्वक आग्रह किया कि छिन्दवाड़ा जिले में नाबालिग बेटियों व महिलाओं पर बढ़ते अपराध को रोकने हेतु ठोस व कारगर कदम उठाए जाएं ताकि महिलाएं व बहन, बेटियां भयमुक्त होकर अपने समस्त कार्यों को कर सकें। ज्ञापन प्रस्तुत करते समय जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती किरण चौधरी, मंजू बैस, संगीता ठाकुर, दीपा यादव, रानू डेहरिया, सरला सिसोदिया, हंसा दाड़े, शोभा शर्मा, आम्रपाली, संतोषी गजभिये, माया सूर्यवंशी, अन्नू अरोरा व साधना सहित अन्य उपस्थित रहे।





