सिवनी जिले में अब तक 428.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज – कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात, स्कूलों में छुट्टी घोषित
Seoni, 07 July 2025
सिवनी यशो:- सिवनी जिले में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। 1 जून से 7 जुलाई तक जिले में 428.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है, वहीं कुछ विकासखंडों में यह आंकड़ा 700 मिमी के पार पहुंच गया है। भू-अभिलेख कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 3430.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 50त्न अधिक है।
विकासखंडवार वर्षा (01 जून – 07 जुलाई 2025)
सिवनी -346.0 मिमी, कुरई -127.0 मिमी, बरघाट – 197.1 मिमी, केवलारी – 531.8 मिमी, छपारा – 543.9 मिमी, लखनादौन – 420.1 मिमी, धनौरा – 540.9 मिमी, घंसौर – 724.0 मिमी पिछले वर्ष 7 जुलाई 2024 तक केवल 2309.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जिससे स्पष्ट है कि इस बार मानसून कहीं अधिक सक्रिय है।
घंसौर में सर्वाधिक 724 मिमी वर्षा, कई गांव बाढ़ की चपेट में
जिले के घंसौर विकासखंड में सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई है। कुरई और घंसौर तहसील के आदिवासी और वनवर्ती क्षेत्र के अनेक गांवों का संपर्क मुख्यालय से टूट चुका है। वैनगंगा और सागर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कई निचले क्षेत्रों में घरों में पानी घुस चुका है, जिससे लाखों की गृहस्थी बर्बाद हो गई है।
संजय सरोवर बांध के खोले गए 5 गेट, 991 क्यूसेक पानी छोड़ा गया

लगातार बारिश से भीमगढ़ स्थित एशिया के सबसे बड़े मिट्टी के बांध — संजय सरोवर में जलस्तर अधिक हो जाने के कारण प्रशासन ने 5 गेट खोल दिए हैं। इसके माध्यम से 991 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस कारण निचले इलाकों को अलर्ट पर रखा गया है। इसके साथ ही गोंदिया, भंडारा, बालाघाट जिलों को भी सतर्क कर दिया गया है।
बारिश से शहर और ग्रामीण क्षेत्र जलमग्न, विद्युत आपूर्ति बाधित
कई स्थानों पर तेज बारिश से बिजली के खंभे और ट्रांसफॉर्मर गिरने की घटनाएँ हुई हैं, जिससे विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। कुछ स्कूल परिसरों और अस्पतालों में भी पानी भर गया है। सिवनी शहर में नदी किनारे स्थित मंदिर और दुकानें जलमग्न हो गई हैं।
स्कूलों में अवकाश घोषित, प्रशासन सतर्क
जिले में हो रही लगातार वर्षा और बढ़ते खतरे को देखते हुए कलेक्टर संस्कृति जैन ने 08 जुलाई 2025 (मंगलवार) को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य बोर्डों के विद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
“नदी-नालों के किनारे न जाएं, जान जोखिम में न डालें। पानी भरने की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।”
— संस्कृति जैन, कलेक्टर, सिवनी
प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में बैरिकेडिंग, निगरानी दल, और आपदा प्रबंधन टीमें सक्रिय कर दी हैं।
प्रदेश के 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बताया है कि मानसून द्रोणिका (ट्रफ लाइन) इस समय सूरतगढ़ से बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है, जिससे मध्यप्रदेश के अनेक जिलों में लगातार बारिश हो रही है। शहडोल, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, रीवा, सीधी, सिंगरौली, दमोह, पन्ना, टीकमगढ़, मैहर सहित 20 से अधिक जिलों में भारी से अतिभारी वर्षा का पूर्वानुमान है।
सिवनी जिले में वर्षा ने जहां खेतों को पानी से लबालब कर दिया है, वहीं जनजीवन पर इसका विपरीत असर देखने को मिल रहा है। प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है, लेकिन आमजन की सतर्कता और सहयोग ही संभावित संकट से राहत दिला सकता है।





