WhatsApp Image 2026-03-17 at 4.22.34 PM (1)
क्राइमसिवनी

जंगल में दो मासूमों की संदिग्ध मौत से सनसनी, शव मिलने से क्षेत्र में पसरा मातम

सिवनी, 16 जुलाई 
सिवनी यशो – जिले के ग्राम आमागढ़ के पास जंगल में दो बच्चों की लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान सिवनी नगर के सुनारी मोहल्ला निवासी धर्मेन्द्र धाकड़िया के पुत्र मयंक (9 वर्ष) और दिव्यांश (6 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बीते 15 जुलाई से लापता थे।

कोतवाली थाना प्रभारी किशोर बावनकर ने बताया कि बच्चों की गुमशुदगी की शिकायत परिजनों द्वारा थाने में दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर पुलिस बच्चों की तलाश में जुटी हुई थी। बुधवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम आमागढ़ से लगभग 3 किलोमीटर अंदर जंगल में दो बच्चों के शव पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुँचा और दोनों शवों की पहचान गुमशुदा बच्चों मयंक और दिव्यांश के रूप में की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों का पंचनामा बनवाया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा कुछ संदिग्धों से पूछताछ जारी है। बच्चों की मौत की असली वजह क्या है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस विवेचना के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

इस घटना से दहशत का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग भी इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की माँग कर रहे हैं।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!