कलेक्टर ने सड़क निर्माण कार्यों पर जताई नाराजगी, GM को नोटिस
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क परियोजना के अंतर्गत अमरवाड़ा-चौरई मार्ग से घुघरलाकला मार्ग का कार्य अप्रैल 2022 तक पूरा होना था, लेकिन अब तक अधूरा।
Chhindwara, 22 August 2025
छिन्दवाड़ा यशो:- प्रधानमंत्री ग्राम सड़क परियोजना के अंतर्गत अमरवाड़ा-चौरई मार्ग से घुघरलाकला मार्ग का निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं हो पाया।
कार्य की प्रगति धीमी और असंतोषजनक होने पर कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने महाप्रबंधक श्रीमती कविता पटवा को कारण बताओ नोटिस थमाया।
समय सीमा से काम अधूरा
यह मार्ग अप्रैल 2022 तक बनकर तैयार होना चाहिए था। हालांकि, आज तक काम अधूरा पड़ा है। कई बार निरीक्षण और बैठकों में निर्देश देने के बावजूद भी अपेक्षित प्रगति नहीं मिली।
कलेक्टर की सख्त चेतावनी
कलेक्टर सिंह ने स्पष्ट किया कि संस्था प्रमुख के तौर पर महाप्रबंधक की जिम्मेदारी है कि कार्य समय पर पूरे हों। उन्होंने कहा कि रुचि न लेना और नियमित निगरानी न करना शासन के आदेशों की अवहेलना है।
नियमों का उल्लंघन
नोटिस में बताया गया है कि यह लापरवाही म.प्र. सिविल सेवा आचरण नियम 1965 और म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के अंतर्गत दंडनीय है।
तीन दिन में जवाब
महाप्रबंधक को तीन दिन में लिखित उत्तर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा।





