वार्ड नंबर 15 में कुत्तों के हमले से दो बच्चे घायल, मोहल्ले में बढ़ा तनाव
गांधीगंज मस्जिद के पीछे की घटना; कुत्तों को खुले में रखने और खिलाने को लेकर रहवासियों में नाराजगी, नगर पालिका से कार्रवाई की मांग
छिंदवाड़ा वार्ड 15 में कुत्तों का हमला, दो बच्चे घायल; मोहल्ले में बढ़ा तनाव
Chhindwara 16 September 2026
छिंदवाड़ा यशो:- शहर के वार्ड नंबर 15 में कुत्तों के हमले से दो बच्चों के घायल होने के बाद मोहल्ले में तनाव की स्थिति बन गई है। मामला गांधीगंज मस्जिद के पीछे का बताया जा रहा है। रहवासियों के अनुसार, क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ने से लोगों को आवागमन के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वार्डवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में एक महिला द्वारा कुत्तों को नियमित रूप से दूध और बिस्किट खिलाए जाते हैं। इसको लेकर कुछ रहवासियों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि यदि कुत्तों को भोजन कराया जाता है तो उनकी जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
कुत्तों को खुला छोड़ने पर रहवासियों की आपत्ति
रहवासियों का कहना है कि कुछ लोगों ने कुत्तों को पाल रखा है, लेकिन उन्हें बांधकर या नियंत्रित तरीके से नहीं रखा जाता। इसके चलते कुत्तों के खुले में घूमने से मोहल्ले में आए दिन विवाद और तनाव की स्थिति बनती है।
दो बच्चों को कुत्तों द्वारा काटे जाने की घटना के बाद रहवासियों में चिंता और बढ़ गई है। लोगों ने नगर पालिका से क्षेत्र में पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने तथा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
नगर पालिका से स्थायी समाधान की मांग
वार्डवासियों ने नगर पालिका से मांग की है कि क्षेत्र में घूम रहे कुत्तों को लेकर नियमानुसार पकड़ने, नसबंदी, टीकाकरण और सुरक्षित प्रबंधन की व्यवस्था की जाए। साथ ही पालतू कुत्तों को खुले में छोड़ने वाले लोगों की जिम्मेदारी भी तय करने की मांग की गई है।
रहवासियों का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका को मामले में शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि मोहल्ले में बनी तनावपूर्ण स्थिति समाप्त हो सके।
यह भी पढ़े :-
सिवनी में ‘आशीर्वाद का दीया’ से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत, नगरीय निकाय भी होंगे सहभागी
1478 बूथों पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’, 1.21 लाख दीपों से PM मोदी के दीर्घायु की कामना
राजनीतिक आयोजन नहीं, जनता के प्रति हमारी जवाबदेही है ‘सेवा संकल्प अभियान’



