मध्यप्रदेशसिवनी

बिना सड़क, बिना सामग्री 1.38 लाख की निकासी!

कागजों में बनी सीसी रोड, जमीन पर कच्ची मिट्टी - लखनादौन जनपद पंचायत में बड़ा घोटाला उजागर

Seoni December 21, 2025
सिवनी यशो:- लखनादौन जनपद पंचायत एक बार फिर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के घेरे में आ गई है। ग्राम पंचायत बिजना  में सीसी रोड निर्माण के नाम पर 1 लाख 38 हजार रुपये की राशि करीब सात माह पहले निकाल ली गई, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि गांव में न सड़क बनी है और न ही निर्माण सामग्री का कोई नामोनिशान मौजूद है।

जहां बननी थी सड़क, वहां आज भी कच्ची जमीन

मौके पर की गई पड़ताल में साफ हुआ कि जिस स्थान पर पंचायत रिकॉर्ड में सीसी रोड निर्माण दर्शाया गया है, वहां आज भी कच्ची मिट्टी पड़ी है।
न गिट्टी, न सीमेंट, न रेत—किसी भी प्रकार की निर्माण सामग्री नहीं मिली, इसके बावजूद कागजों में कार्य पूर्ण दिखाकर भुगतान निकाल लिया गया।

सरपंच–सचिव ने मानी राशि निकासी, पर सड़क नदारद

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जब इस मामले में पंचायत सचिव से पूछताछ की गई,

तो उन्होंने स्वयं राशि निकाले जाने की पुष्टि की।

वहीं सरपंच ने भी भुगतान हो चुका होने की बात स्वीकार की।

अब बड़ा सवाल यह है कि –

जब न सड़क बनी, न सामग्री आई, तो भुगतान किस आधार पर किया गया?

नियम ताक पर, मिलीभगत की आशंका गहराई

नियमों के अनुसार किसी भी निर्माण कार्य के भुगतान से पहले मस्टर रोल, मापन पुस्तिका, भौतिक सत्यापन और कार्य पूर्णता प्रमाण-पत्र अनिवार्य होता है।

इसके बावजूद राशि का निकल जाना जनपद पंचायत की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

ग्रामीणों का कहना है कि-

यह मामला सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि सुनियोजित मिलीभगत की ओर इशारा करता है।

ग्रामीणों में आक्रोश, जिला प्रशासन पर टिकी निगाहें

मामला उजागर होने के बाद गांव में भारी आक्रोश है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।
अब निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि-

वह इस प्रकरण में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करता है, या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

इनका कहना है

“ग्राम पंचायत में फर्जी कार्य दर्शाकर राशि का आहरण किया जा रहा है। हमारे परिवार के लोगों के नाम पर भी राशि निकाली गई, जबकि काम नहीं हुए। सरपंच–सचिव शासकीय राशि की बंदरबांट कर रहे हैं।”
— सरताज सिंह ठाकुर परिहार, पंच, ग्राम पंचायत बिजना

https://starsamachar.com/tighra-panchayat-corruption-4lakh-office-expenses

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button