परशुराम जयंती बरघाट – धूमधाम से मनाई गई
बरघाट यशो :- परशुराम जयंती के पावन अवसर पर अक्षय तृतीया के दिन मुख्यालय बरघाट में भगवान परशुराम प्राकट्य उत्सव बड़े ही भव्य और धार्मिक वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर ब्राह्मण समाज द्वारा विशाल वाहन रैली निकालकर श्रद्धा और उत्साह का प्रदर्शन किया गया।
विधि-विधान से पूजन, 30 फीट ऊंचा फरसा बना आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम की शुरुआत वार्ड क्रमांक 13 स्थित भगवान परशुराम पुस्तकालय एवं वाटिका (फरसा स्थल) पर प्रातः 9 बजे विधि-विधान से पूजन के साथ हुई। ब्राह्मण समाज ब्लॉक अध्यक्ष शिवशंकर शर्मा एवं सुषमा शर्मा द्वारा पूजन कर जयघोष लगाए गए।
इस दौरान 30 फीट ऊंचे फरसे के साथ भगवान परशुराम का ध्वज फहराया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा।
नगर में निकली भव्य वाहन रैली
पूजन के पश्चात भव्य वाहन रैली प्रारंभ हुई, जो फरसा स्थल से कबीर गार्डन, कान्हीवाड़ा रोड, बालाघाट रोड, सुभाष चौक, स्टेट बैंक, नगर पालिका, राम मंदिर, बस स्टैंड, गांधी चौक, अस्पताल मार्ग, कन्या शाला, राजराजेश्वरी चौक, मूडापार, उत्कृष्ट विद्यालय, बिजली विभाग होते हुए गायत्री मंदिर पहुंची।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
रैली के दौरान विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं नागरिकों द्वारा फूल-मालाओं, शीतल पेय एवं फल वितरित कर स्वागत किया गया। पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
गायत्री मंदिर में हुआ मंचीय कार्यक्रम
रैली के समापन पर गायत्री मंदिर में मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने भगवान परशुराम के जीवन, उनके आदर्शों और सनातन धर्म में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
समाज के उत्थान और एकता पर जोर
ब्राह्मण समाज अध्यक्ष शिवशंकर शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि शीघ्र ही समाज स्तर पर एक बड़ा आयोजन किया जाएगा, जिसमें छात्र-छात्राओं का सम्मान एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम आयोजित होंगे।
कार्यक्रम का संचालन अनिल पाठक ने किया, जबकि अंत में आशीष दीक्षित ने सभी का आभार व्यक्त किया।





