भाजपा का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग 23-24 मई को सिवनी में
प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष मीना बिसेन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक संपन्न

भाजपा जिला प्रशिक्षण वर्ग सिवनी की तैयारियां तेज, मीना बिसेन ने अनुशासन पर दिया बड़ा संदेश
सिवनी यशो:- भारतीय जनता पार्टी के “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026” के अंतर्गत आयोजित होने वाले जिला प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों को लेकर आज महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक श्रीमती मीना बिसेन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष श्रीमती बिसेन ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग में अनुशासन का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए तथा सभी व्यवस्थाएं संगठन की गरिमा के अनुरूप सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हों।

जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी सत्यनारायण अग्रवाल ने बैठक में प्रशिक्षण वर्ग की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए विभिन्न जिम्मेदारियों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि 23 एवं 24 मई को आयोजित होने वाला जिला प्रशिक्षण वर्ग संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं अनुशासित रूप से सुनिश्चित की जाएं।
बैठक के पश्चात प्रभारी श्री अग्रवाल ने प्रशिक्षण वर्ग स्थल दा ग्रेंड रजवाड़ा सेलीब्रेशन का निरीक्षण भी किया तथा आवास, भोजन, पंजीयन, तकनीकी व्यवस्था, बैठक कक्ष एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बैठक में प्रशिक्षण के संभागीय प्रभारी एवं भाजपा जिला महामंत्री गजानंद पंचेश्वर, जिला महामंत्री मुकेश बघेल, उपाध्यक्ष आनंद शर्मा, संतोष नगपुरे, डॉ. अभिजीत चौहान, श्रीमती गोमती ठाकुर, नवनीत सिंह ठाकुर, पीयूष दुबे सहित अन्य जिम्मेदार पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रशिक्षण वर्ग को सफल एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने का आग्रह किया गया।



