सिवनीमध्यप्रदेश

ग्राम तिघरा की बेटी दीप्ति कटरे बनीं असिस्टेंट प्रोफेसर

कड़ी मेहनत, निरंतर अध्ययन और दृढ़ संकल्प से हासिल की बड़ी सफलता

सिवनी यशो :- जिले के ग्राम तिघरा की बेटी दीप्ति कटरे ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन के बल पर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम कर ली है। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक प्राध्यापक परीक्षा 2024 के अंतिम परिणाम में उनका चयन असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर हुआ है। उनकी इस सफलता से परिवार, मित्रों, शिक्षा जगत एवं क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

दीप्ति कटरे की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बन गई है। संघर्ष, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते हुए उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता आज युवाओं, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।

परिवार से मिले संस्कार और गुरुजनों का मिला मार्गदर्शन

दीप्ति कटरे बचपन से ही कुशाग्र बुद्धि एवं अध्ययनशील रही हैं। उनके व्यक्तित्व निर्माण में गुरुजनों एवं माता-पिता का विशेष योगदान रहा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी ने उनके व्यक्तित्व को और अधिक निखारा तथा आध्यात्मिक सोच एवं ज्ञान अर्जन की दिशा में प्रेरित किया।

दीप्ति कटरे ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों के साथ पिता श्री राधेलाल कटरे एवं माता श्रीमती सरला कटरे को दिया है। उन्होंने अपने माता-पिता को जीवन का आदर्श बताते हुए कहा कि उनके सहयोग और प्रेरणा से ही यह सफलता संभव हो सकी।

शिक्षा यात्रा रही उत्कृष्ट

दीप्ति कटरे ने 10वीं एवं 12वीं की शिक्षा केंद्रीय विद्यालय सिवनी से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने जीजाबाई महाविद्यालय इंदौर से बीएससी तथा महाकौशल कॉलेज जबलपुर से एमए की पढ़ाई पूरी की। साथ ही उन्होंने नेट परीक्षा भी क्वालीफाई की और लगातार मेहनत करते हुए सहायक प्राध्यापक परीक्षा में सफलता प्राप्त की।

उनकी इस उपलब्धि पर रिश्तेदारों, मित्रों, समाजजनों एवं जनप्रतिनिधियों ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button