जन-विश्वास का केंद्र बनी सिवनी पुलिस की जनसुनवाई, एसपी कृष्ण लालचंदानी ने सुनीं समस्याएं
त्वरित निराकरण और पुलिस-पब्लिक समन्वय को लेकर अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश
सिवनी पुलिस जनसुनवाई में एसपी कृष्ण लालचंदानी ने सुनीं शिकायतें, दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
सिवनी यशो :- जिला पुलिस द्वारा आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई एवं नागरिक संवाद कार्यक्रम आमजन के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम बनता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी की पहल पर आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी शिकायतें एवं समस्याएं रखीं।

मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान एसपी कृष्ण लालचंदानी ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कई मामलों में तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर ही राहत प्रदान की गई, जबकि अन्य प्रकरणों में संबंधित थाना प्रभारियों को निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसपी श्री लालचंदानी ने महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं समाज के वंचित वर्गों की शिकायतों को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन वर्गों से जुड़े मामलों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि जनसुनवाई व्यवस्था को जिले के सभी थाना एवं चौकी स्तर तक प्रभावी रूप से लागू किया गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक नहीं आना पड़े और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही न्याय मिल सके।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायतों के निपटारे का माध्यम नहीं, बल्कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास का मजबूत सेतु है। पुलिस का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को सुलभ, त्वरित एवं निष्पक्ष न्याय उपलब्ध कराना है।
जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी समस्या या शिकायत के समाधान के लिए बिना किसी संकोच के जनसुनवाई में पहुंचें। उनकी समस्याओं का निष्पक्ष एवं संवेदनशील तरीके से निराकरण किया जाएगा।



