छपारा में आज लगेगा विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे परामर्श
हृदय रोग, स्त्री रोग एवं सामान्य रोगों के विशेषज्ञ करेंगे जांच और उपचार, मिशन स्कूल प्रांगण में होगा आयोजन
आज निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर छपारा, हृदय और स्त्री रोग विशेषज्ञ देंगे परामर्श
Seoni 20 June 2026
सिवनी / छपारा यशो:- क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 21 जून को मिशन स्कूल प्रांगण, छपारा में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपारा एवं बीएमओ के सानिध्य में किया जा रहा है।
शिविर में केवलारी विधायक ठाकुर रजनीश सिंह मुख्य अतिथि तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गुलाब साहू विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
शिविर में हृदय रोग, स्त्री रोग एवं सामान्य रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का निःशुल्क परीक्षण एवं उपचार किया जाएगा। विशेषज्ञ चिकित्सकों में डॉ. अनिमेष गुप्ता (एमडी मेडिसिन एवं हृदय रोग विशेषज्ञ), डॉ. उमा महेश्वर (हृदय रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. अर्चना ठाकुर (स्त्री रोग विशेषज्ञ) शामिल हैं।
आयोजकों ने बताया कि शिविर में आने वाले मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श, स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन तथा आवश्यक चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही विभिन्न बीमारियों की जांच कर उचित उपचार संबंधी सुझाव भी दिए जाएंगे।
इस आयोजन में आलिंद हार्ट फाउंडेशन एवं जीवंता हेल्थ केयर सेंटर, राइट टाउन जबलपुर का विशेष सहयोग रहेगा। आयोजकों ने क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य शिविर का लाभ लेने की अपील की है।



