मध्यप्रदेशसिवनी

मोहन सरकार के बड़े फैसले: कन्या विवाह योजना जारी, 525 स्कूल होंगे अपग्रेड

5960 करोड़ रुपये की योजनाओं को मिली मंजूरी

मंत्रिपरिषद के बड़े फैसले: कन्या विवाह योजना जारी, 525 स्कूल होंगे अपग्रेड

भोपाल यशो :- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रि-परिषद की बैठक में प्रदेश के सर्वांगीण विकास, जनकल्याण, शिक्षा, किसान हित और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में लगभग 5,960 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई।

मंत्रि-परिषद ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं कल्याणी विवाह सहायता योजना को वर्ष 2026 से आगामी पांच वर्षों तक जारी रखने का निर्णय लिया। इस योजना के संचालन के लिए 1,740 करोड़ 57 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। सरकार का मानना है कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायता मिलती रहेगी।

शिक्षा क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रदेश की 225 शासकीय माध्यमिक शालाओं को हाई स्कूल तथा 300 हाई स्कूलों को हायर सेकेंडरी विद्यालय में उन्नत करने की सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई। इस निर्णय से विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

किसानों के हित में भी महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर अल्पावधि फसल ऋण योजना के अंतर्गत नई शर्तों को मंजूरी दी गई। इससे किसानों को कृषि कार्यों के लिए आसान ऋण सुविधा उपलब्ध होगी।

बैठक में शाजापुर जिले के शुजालपुर में नवीन शासकीय विधि महाविद्यालय प्रारंभ करने की स्वीकृति भी प्रदान की गई। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को विधि शिक्षा के लिए बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

गरीब हितैषी योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली के परिवहन एवं कमीशन व्यय के लिए 3,580 करोड़ 7 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री जनमन एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत जनजातीय क्षेत्रों में विद्युतीकरण कार्यों के लिए राज्यांश उपलब्ध कराने का निर्णय भी लिया गया।

मंत्रि-परिषद ने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, किसान कल्याण, जनजातीय विकास और गरीब कल्याण से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी देकर प्रदेश के समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button