मध्यप्रदेश

सीएम डॉ. मोहन यादव ने 33.92 लाख हितग्राहियों के खातों में ₹203.56 करोड़ किए ट्रांसफर, बोले- बुजुर्गों और असहायों का सम्मान हमारा धर्म

सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि सिंगल क्लिक से जारी, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय का संकल्प साकार होने की बात कही

सीएम मोहन यादव ने 33.92 लाख हितग्राहियों को ₹203.56 करोड़ की सामाजिक सुरक्षा पेंशन जारी

भोपाल यशो :- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में आयोजित सामाजिक सुरक्षा पेंशन वितरण कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए प्रदेश के 33 लाख 92 हजार 695 से अधिक हितग्राहियों के बैंक खातों में मई माह की 203 करोड़ 56 लाख रुपये की पेंशन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे घरों के बुजुर्ग तपती धूप में शीतल छांव के समान हैं। भारतीय संस्कृति में बुजुर्गों, असहायों और समाज के कमजोर वर्गों का सम्मान करना केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि धर्म माना गया है। राज्य सरकार प्रत्येक नागरिक के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कोई भी निर्धन परिवार, माताएं-बहनें या दिव्यांगजन स्वयं को असहाय महसूस न करें। सामाजिक सुरक्षा पेंशन केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सरकार की ओर से सम्मान, सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय का संकल्प साकार हो रहा है। पिछले 10 वर्षों में देश के 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन मिल रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं ने गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

उन्होंने कृषक कल्याण वर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। अब किसानों को ऋण चुकाने के लिए 31 मार्च तक की बाध्यता नहीं होगी, बल्कि ऋण लेने की तिथि से अगले 12 माह तक भुगतान की सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, दिव्यांगजन एवं अन्य हितग्राही वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button