पांढुर्णा अवैध महुआ शराब कार्रवाई , 500 किलो लाहन नष्ट, दो प्रकरण दर्ज
Chhindwara 26 June 2026
छिंदवाड़ा/ पांढुर्णा यशो:- कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में पांढुर्णा जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत आबकारी विभाग ने ग्राम घोघरी एवं चिरकुटाघोंदी में अवैध शराब के अड्डों पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने नालों और जंगल की झाड़ियों में छिपाकर रखे गए पन्नियों एवं ड्रमों से लगभग 500 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया। अधिकारियों ने आवश्यक नमूने लेने के बाद शेष लाहन को विधिवत नष्ट कर दिया।
आबकारी विभाग ने इस मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के अंतर्गत दो प्रकरण दर्ज किए हैं। विभाग का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में वृत्त प्रभारी अनिकेत पटेल एवं आरक्षक श्रद्धा राहंगडाले सहित आबकारी अमला मौजूद रहा।



