2 से 10 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान
स्वच्छता, स्वास्थ्य, पौधरोपण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण सहित 9 गतिविधियां होंगी; शनिवार को बड़कुही में लगेगा सीएम जनविश्वास शिविर
2 से 10 अक्टूबर तक चलेगा सेवा मेरा योगदान अभियान
Chhindwara, 28 September 2026
छिंदवाड़ा यशो:- कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, जनकल्याणकारी योजनाओं और शासन की प्राथमिकता वाले विषयों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार और अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। एसडीएम, जनपद सीईओ, सीएमओ सहित विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
जर्जर भवनों में संचालित न हों स्कूल और आंगनबाड़ी
कलेक्टर ने विशेष रूप से स्कूल शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग को जिले में जर्जर भवनों का चिन्हांकन कर सुरक्षित भवनों में संस्थानों की शिफ्टिंग के संबंध में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रतिवेदन में यह भी स्पष्ट रूप से उल्लेख हो कि चिन्हांकित जर्जर भवनों के संबंध में क्या कार्रवाई की गई है और वर्तमान में ऐसे किसी भवन में स्कूल अथवा आंगनबाड़ी केंद्र संचालित नहीं हो रहा है।
स्कूल बसों की सघन जांच के निर्देश
कलेक्टर ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने जिले में स्कूल बसों और अन्य स्कूली वाहनों की सघन जांच कराने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों, आवश्यक दस्तावेजों और अनिवार्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की जाए। नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर ने कहा कि कई मैजिक वाहनों में पीछे के दरवाजे से लगी सीटों पर भी बच्चों को बैठाया जाता है, जो बच्चों की सुरक्षा की दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने स्कूली वाहनों की गति सीमा पर विशेष ध्यान देने तथा स्कूल बसों में स्पीड गवर्नर अनिवार्य रूप से लगे होने की बात कही।
जिला शिक्षा अधिकारी को सभी स्कूलों के प्राचार्यों एवं प्रबंधन को इस संबंध में पत्र जारी करने तथा आरटीओ को नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
2 से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान
बैठक में 2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक प्रस्तावित ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अभियान के तहत विभिन्न विभागों के समन्वय से 9 गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को गतिविधियों का प्रभावी संचालन करने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अभियान के तहत निर्धारित कार्यक्रम इस प्रकार हैं—
- 2 अक्टूबर — स्वच्छता ही सेवा अभियान
- 3 अक्टूबर — स्वास्थ्य शिविर
- 4 अक्टूबर — वृद्धाश्रम एवं अनाथालय में सेवा गतिविधियां
- 6 अक्टूबर — आंखों की जांच शिविर
- 8 अक्टूबर — दिव्यांगजन सशक्तिकरण से संबंधित गतिविधियां
- 9 अक्टूबर — वृहद पौधरोपण अभियान तथा सैनिकों एवं उनके अभिभावकों का सम्मान
- 10 अक्टूबर — जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक सामग्री का वितरण
कलेक्टर ने कहा कि अभियान की गतिविधियों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर प्रभावी रूप से संचालित किया जाए।
शनिवार को बड़कुही में सीएम जनविश्वास शिविर
बैठक में इस सप्ताह शनिवार को बड़कुही में आयोजित होने वाले सीएम जनविश्वास शिविर की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को शिविर से जुड़े आवश्यक प्रबंध समय पर पूरे करने तथा आम नागरिकों की समस्याओं और आवेदनों के निराकरण के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़े:-
अवैध कॉलोनाइजर्स पर निगम की बड़ी कार्रवाई, कुसमेली में तीन लोगों की कॉलोनी अनाधिकृत घोषित
पुलिस ने 24 घंटे में मंदिर दानपेटी चोरी का किया खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार
सेवा संकल्प यात्रा ने सिवनी में दिया सेवा, संवाद और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
पहले घर उजड़े, अब पानी ने घेरा: बरगी बांध के विस्थापितों के घरों में घुसा जलाशय का पानी


