छिंदवाड़ा में दो दर्दनाक हादसे: आकाशीय बिजली से युवती की मौत, ओवरलोड ट्रक की टक्कर से मासूम ने गंवाई जान
जिलेहरी गांव में खेत में काम कर रहे एक ही परिवार के सात लोग बिजली की चपेट में आए, दीघावानी में राशन से भरे ट्रक ने बाइक सवारों को कुचला
छिंदवाड़ा हादसा : आकाशीय बिजली और ट्रक दुर्घटना में 2 की मौत, कई घायल
Chhindwara, 27 June 2026
छिंदवाड़ा /अमरवाड़ा यशो:-छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा क्षेत्र में शनिवार को दो अलग-अलग दर्दनाक हादसों में दो लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
एक घटना में खेत में काम कर रहे एक ही परिवार के सात सदस्य आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, वहीं दूसरी घटना में राशन से भरे एक ओवरलोड ट्रक की टक्कर से एक मासूम बालक की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़े :–दिनदहाड़े बैंक के सामने खड़ी बाइक की डिक्की से 80 हजार रुपये चोरी
आकाशीय बिजली गिरने से युवती की मौत, छह घायल
अमरवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम जिलेहरी में शनिवार दोपहर करीब 2 बजे तेज बारिश और गरज-चमक के दौरान खेत में काम कर रहे एक ही परिवार के सात लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में मुस्कान (18) की उपचार के दौरान मौत हो गई।
घटना में सुषमा टेकाम (18), तुका पाल (15), राजरानी (19), आयुष (15), चंचलेश (14) तथा श्याम कुमार (30) गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़े :–पेंच टाइगर रिजर्व में दर्दनाक घटना, कोर क्षेत्र में मिला युवक का क्षत-विक्षत शव
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डायल-112 तथा 108 एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ओवरलोड ट्रक की टक्कर से मासूम की मौत
दूसरी घटना अमरवाड़ा थाना क्षेत्र के दीघावानी गांव के पास हुई, जहां राशन से भरे एक ओवरलोड ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, दीघावानी निवासी संत कुमार, उनके पिता चतरु और मासूम कार्तिक खसरे बाइक से खेत में मक्का की बुवाई करने जा रहे थे। इसी दौरान अमरवाड़ा की ओर से आ रहे ट्रक (एमपी-28-जेडडी-6193) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में मासूम कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संत कुमार और चतरु गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने ट्रक जब्त कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
https://ghaziabad.nic.in/%E0%A4%98%E0%A4%9F%E0%A4%A8%E0%A4%BE%E0%A4%8F%E0%A4%81/



