जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन समारोह में शामिल हुए विधायक दिनेश राय मुनमुन, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित
ग्राम पंचायत बोरदई में पेयजल बोर एवं पंचायत भवन रेनोवेशन का लोकार्पण, पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सिवनी यशो :- सिवनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिनेश राय मुनमुन ने मंगलवार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा ग्राम पंचायत बोरदई में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा ग्रामीणों की सुविधा के लिए नवीन पेयजल बोर एवं पंचायत भवन के रेनोवेशन कार्य का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पंचायत पदाधिकारियों द्वारा विधायक का पुष्पमालाओं से स्वागत कर की गई। इसके बाद विधायक ने अभियान के अंतर्गत किए गए जल संरक्षण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और जनभागीदारी से ही जल संरक्षण के स्थायी परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश में
समारोह के दौरान विधायक दिनेश राय मुनमुन ने पंचायत परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती डहेरिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण भलावी, सांसद प्रतिनिधि नितेन्द्र (गुड्डू) बघेल, सरपंच आसिफ जरदारी, मनीष बघेल, विनीष दुबे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री साहू, प्रशांत तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यालय में सुनीं नागरिकों की समस्याएं
कार्यक्रम के बाद विधायक दिनेश राय मुनमुन ने अपने बारापत्थर स्थित कार्यालय में जनसुनवाई कर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
विधायक ने प्रत्येक आवेदक की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी प्राथमिकता है और आम नागरिकों को शासन की योजनाओं का पूरा लाभ मिलना चाहिए।



