बाहुबली चौक का नाम बदलने के प्रस्ताव पर जैन समाज ने जताया विरोध, धार्मिक आस्था का हवाला देते हुए सौंपा ज्ञापन
Seoni 07 july 2026
सिवनी यशो :- नगर पालिका परिषद की साधारण सभा में जहां अधिकांश प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुए, वहीं बाहुबली चौक का नाम बदलकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक किए जाने के प्रस्ताव पर जैन समाज ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। बैठक के दौरान और उससे पहले श्री दिगम्बर जैन पंचायत कमेटी, सिवनी की ओर से नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोड़िया को ज्ञापन सौंपकर चौक का नाम यथावत रखने की मांग की गई।
ज्ञापन में जैन समाज ने कहा कि ‘बाहुबली चौक’ केवल एक स्थान का नाम नहीं, बल्कि करोड़ों जैन श्रद्धालुओं की आस्था, त्याग, अहिंसा और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। समाज ने आग्रह किया कि किसी भी धार्मिक पहचान से जुड़े स्थल का नाम बदलने से पहले जनभावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि भगवान बाहुबली जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव के पुत्र तथा चक्रवर्ती सम्राट भरत के अनुज थे। भगवान बाहुबली त्याग, तपस्या, अहिंसा और वैराग्य के प्रतीक माने जाते हैं। सिवनी का बाहुबली चौक स्थानीय जैन समाज और महिला मंडल की धार्मिक गतिविधियों तथा पंचकल्याणक महोत्सव की स्मृतियों से भी जुड़ा हुआ है।
जैन समाज ने प्रशासन से अपील की कि विकास कार्यों के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण भी समान रूप से आवश्यक है। इसलिए चौक का नाम ‘बाहुबली चौक’ ही बनाए रखा जाए।
ज्ञापन पर श्री दिगम्बर जैन पंचायत कमेटी, सिवनी के अध्यक्ष पवन दिवाकर तथा सचिव नीरज जैन सहित जैन समाज के प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर हैं।
नगर पालिका परिषद की बैठक में नाम परिवर्तन का प्रस्ताव पारित होने के बाद अब इस विषय पर जैन समाज की आपत्ति भी सार्वजनिक रूप से सामने आ गई है। आगे प्रशासन इस मांग पर क्या निर्णय लेता है, इस पर स्थानीय नागरिकों की नजर बनी हुई है।



