मध्यप्रदेशसिवनी

प्रधानमंत्री आवास योजना के मकानों में बदहाली, सड़क से लेकर पेयजल तक मूलभूत सुविधाओं का अभाव

बीझावाड़ा आवास कॉलोनी के हितग्राहियों ने नगर पालिका पर लगाए उपेक्षा के आरोप, सड़क निर्माण नहीं हुआ तो भूख हड़ताल की चेतावनी

बीझावाड़ा प्रधानमंत्री आवास योजना में बदहाली, सड़क-पानी की समस्या से परेशान हितग्राही

सिवनी यशो :- नगर पालिका द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बीझावाड़ा स्थित शासकीय भूमि पर बनाए गए 116 आवासों में रहने वाले हितग्राहियों को आज भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

सड़क, पेयजल, भवनों की गुणवत्ता और साफ-सफाई जैसी समस्याओं से परेशान रहवासियों ने नगर पालिका पर लगातार उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जल्द समाधान नहीं होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी है।

रहवासियों का कहना है कि आवास कॉलोनी तक पहुंचने के लिए आज तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं किया गया है। बारिश के मौसम में कच्चा मार्ग दलदल में तब्दील हो जाता है, जिससे आवागमन बेहद कठिन हो जाता है।

यह कॉलोनी नगर मुख्यालय से लगभग सात किलोमीटर दूर स्थित है और सार्वजनिक परिवहन की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में लोगों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।

भवनों की गुणवत्ता पर उठे सवाल

हितग्राहियों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही बरती गई। कई मकानों की छतों पर बारिश का पानी जमा हो जाता है, जिससे सीलन और रिसाव की समस्या बनी रहती है।

दीवारों में जगह-जगह दरारें दिखाई देने लगी हैं। कई मकानों से बिजली के बोर्ड, वायरिंग और पानी के नल चोरी हो चुके हैं, जिसके कारण लोगों को रहने से पहले लगभग 50 हजार रुपये तक अपनी जेब से खर्च करने पड़ रहे हैं।

पेयजल और सफाई व्यवस्था भी बदहाल

कॉलोनी में पेयजल के लिए लगाया गया ट्यूबवेल मोटर नहीं लगने के कारण बंद पड़ा है। रहवासियों का कहना है कि सात दिनों में केवल एक दिन नल से पानी आता है, जिससे उन्हें दूर-दूर से पानी लाना पड़ता है। वहीं कॉलोनी के आसपास उगी झाड़ियां और गाजर घास मच्छरों के प्रकोप को बढ़ा रही हैं, जिससे मलेरिया और टाइफाइड जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है।

सांप-बिच्छुओं का भी खतरा

रहवासियों के अनुसार कॉलोनी पहाड़ी क्षेत्र को काटकर बनाई गई है। बारिश के मौसम में सांप, बिच्छू सहित अन्य विषैले जीव-जंतु अक्सर कॉलोनी में पहुंच जाते हैं, जिससे छोटे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।

भूख हड़ताल की चेतावनी

प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों हेमंत बघेल, दिलीप कुल्हाड़ी, नंद सिंह, घनश्याम, विजय डेहरिया, नीतू बंडेवार, राजकुमारी वर्मा, तुलसीराम भांगरे, विशाल धुर्वे, दिव्या धुर्वे एवं प्रेम कुमार कुल्हाड़ी सहित अन्य रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण एवं अन्य समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे भूख हड़ताल पर बैठेंगे। इसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन और नगर पालिका की होगी।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button