मिलाद-उन-नबी को लेकर बंडोल थाना में शांति समिति की बैठक संपन्न
सौहार्द, भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने पर बनी सहमति
Seoni 23 August 2026
सिवनी/ बंडोल यशो:- आगामी 26 अगस्त को मनाए जाने वाले मिलाद-उन-नबी पर्व को लेकर बंडोल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। सभी ने पर्व को आपसी सौहार्द, भाईचारे, शांति और सद्भाव के वातावरण में मनाने पर सहमति जताई।
बैठक पुलिस अधीक्षक लालकृष्ण लालचंदानी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी मनोज कुमार जंघेला के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस दौरान मिलाद-उन-नबी पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने सहित क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
अफवाहों से बचने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील
थाना प्रभारी मनोज कुमार जंघेला ने बैठक में उपस्थित नागरिकों से पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और यदि कोई भ्रामक अथवा आपत्तिजनक जानकारी सामने आती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
उन्होंने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देते हैं। इसलिए सभी समुदायों की जिम्मेदारी है कि मिलकर शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखें और किसी भी ऐसी गतिविधि से बचें जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो।
क्षेत्रीय समस्याओं और महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा
शांति समिति की बैठक में मिलाद-उन-नबी पर्व की तैयारियों के अलावा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई। उपस्थित नागरिकों ने प्रशासन के समक्ष अपनी बातें रखीं तथा पर्व के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव दिए।
बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों एवं पत्रकार बंधुओं की उपस्थिति रही। सभी ने शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मिलाद-उन-नबी पर्व मनाने तथा सामाजिक भाईचारा कायम रखने का संकल्प व्यक्त किया।



