जनकल्याणकारी योजनाओं में लापरवाही पर कलेक्टर की सख्ती, दो पंचायत सचिव और सीएमओ केवलारी को नोटिस
मुख्यमंत्री संबल और प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितता पर कार्रवाई, केवलारी जनसुनवाई में 619 आवेदनों की सुनवाई
केवलारी जनसुनवाई में कलेक्टर नेहा मीना की सख्ती, दो पंचायत सचिव और सीएमओ को कारण बताओ नोटिस
Seoni, 08 July 2026
सिवनी यशो:- केवलारी में आयोजित विशेष जनसुनवाई के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर नेहा मीना ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़े :- भतीजे ने डेढ़ लाख की सुपारी देकर कराई चाचा की हत्या, लखनादौन पुलिस ने 6 आरोपियों को दबोचा
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के दौरान पाया गया कि मुख्यमंत्री संबल योजना के पात्र हितग्राहियों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई।
इस पर ग्राम पंचायत मुनगापार के सचिव संजय सनोड़िया तथा ग्राम पंचायत भरवेली के सचिव अरुण कुमार सांडिल्य को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित आवेदनों के निराकरण में उदासीनता पाए जाने पर केवलारी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी चन्द्रकिशोर भांवरे को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
यह भी पढ़े :- प्रधानमंत्री आवास योजना के मकानों में बदहाली, सड़क से लेकर पेयजल तक मूलभूत सुविधाओं का अभाव
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि योजनाओं से जुड़े सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।
619 आवेदनों की हुई सुनवाई
केवलारी में आयोजित जनसुनवाई शाम लगभग 5:30 बजे तक चली। इस दौरान कलेक्टर नेहा मीना ने कुल 619 आवेदकों की समस्याएं धैर्यपूर्वक सुनीं।
जनसुनवाई में राजस्व, पंचायत, नगरीय निकाय, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री संबल योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पेयजल, विद्युत, सड़क तथा आर्थिक सहायता से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



