आपदा से जंग के लिए तैयार हो रही ‘राहत सेना’! सिवनी में सिविल डिफेंस वालेंटियर्स का 7 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
पीजी कॉलेज में SDERF की टीम दे रही व्यवहारिक प्रशिक्षण, भूकंप, बाढ़, आग, सर्पदंश और आकाशीय बिजली से बचाव के गुर सीख रहे स्वयंसेवक
Civil Defence Seoni – वालेंटियर्स का 7 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, आपदा प्रबंधन के गुर सीख रहे स्वयंसेवक
Seoni 16 July 2026
सिवनी यशो:- आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के लिए प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की तैयारियों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पीजी कॉलेज सिवनी में सिविल डिफेंस वालेंटियर्स के 7 दिवसीय द्वितीय प्रशिक्षण सत्र का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण का आयोजन मुख्यालय होमगार्ड्स, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार किया जा रहा है।

जिला कमांडेंट होमगार्ड एस.आर. आज़मी के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण का संचालन प्रशिक्षण प्रभारी धनेंद्र अंगारे एवं एसडीईआरएफ (SDERF) की विशेषज्ञ टीम द्वारा किया जा रहा है।
आपदा प्रबंधन की बारीकियों से कराया गया परिचय
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस उद्घाटन समारोह के बाद प्रतिभागियों को सिविल डिफेंस संगठन का इतिहास, नागरिक सुरक्षा की 12 सेवाएं, नागरिक सुरक्षा अधिनियम-1968, आपदा प्रबंधन अधिनियम-2009 तथा विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षकों ने स्वयंसेवकों को आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की भूमिका, आपदा प्रबंधन में उपयोग होने वाले उपकरणों तथा भूकंप, बाढ़ और अग्निकांड जैसी आपदाओं से बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
सर्पदंश और आकाशीय बिजली से बचाव का भी प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सर्पदंश, आकाशीय बिजली गिरने, दुर्घटनाओं एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली प्राथमिक सावधानियों और सुरक्षा उपायों से भी अवगत कराया गया।
विशेषज्ञों ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को केवल सैद्धांतिक ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे वे किसी भी आपदा के समय त्वरित और प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य करने में सक्षम बन सकें।
यह भी पढ़े :-
31 जुलाई तक कराएं फसल बीमा, प्राकृतिक आपदाओं से फसल को मिलेगी सुरक्षा
https://www.epa.gov/natural-disasters/preparing-and-responding-natural-disasters




One Comment