“योग-ध्यान से चेहरे पर चमक, गुरु पूर्णिमा पर छिंदवाड़ा में साधकों ने पाया नई ऊर्जा का अनुभव”
आर्ट ऑफ लिविंग के आवासीय शिविर में साधकों ने किया ध्यान, मौन साधना और पद्म साधना का अभ्यास; 50 से अधिक साधकों ने लिया भाग
छिंदवाड़ा में गुरु पूर्णिमा पर चार दिवसीय योग-ध्यान शिविर संपन्न, साधकों ने पाया आत्मिक शांति का अनुभव
Chhindwara 02 August 2026
छिन्दवाड़ा यशो:-योग, ध्यान और मौन साधना के माध्यम से मन को शांत और शरीर को ऊर्जावान बनाने के उद्देश्य से गुरु पूर्णिमा के अवसर पर छिंदवाड़ा में आयोजित चार दिवसीय आवासीय एडवांस शिविर का समापन हुआ। आर्ट ऑफ लिविंग के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में 50 से अधिक साधकों ने भाग लेकर ध्यान और साधना के माध्यम से आत्मिक शांति का अनुभव किया।
जिला टीचर कोऑर्डिनेटर कृष्ण उत्तम राजपूत ने बताया कि परम पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी द्वारा संस्थापित आर्ट ऑफ लिविंग के मार्गदर्शन में यह शिविर स्थानीय वृंदावन लॉन, चांद रोड छिंदवाड़ा में आयोजित किया गया।
तनाव से मुक्ति और नई ऊर्जा का माध्यम है ध्यान
शिविर में बैंगलोर आश्रम से पहुंचे प्रतिनिधि प्रभात कुमार जी ने साधकों को संबोधित करते हुए कहा कि गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी के अनुसार रोजमर्रा की भागदौड़, तनाव और नकारात्मक भावनाओं के कारण मन पर एक प्रकार की थकान जमा हो जाती है।
उन्होंने कहा कि चार दिन का विश्राम, मौन साधना और ध्यान व्यक्ति को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। योग और ध्यान से मन की शुद्धता बढ़ती है और जीवन में सकारात्मकता के साथ चेहरे पर भी अलग चमक दिखाई देती है।
पद्म साधना और ध्यान सत्रों में शामिल हुए साधक
चार दिवसीय शिविर में पद्म साधना के साथ मन को शांत करने वाले विभिन्न ध्यान सत्र आयोजित किए गए। साधकों ने मौन साधना के माध्यम से आत्मिक उन्नति और मानसिक शांति का अनुभव किया।
शिविर के दौरान परम पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी ने कनाडा से ऑनलाइन जुड़कर साधकों को आशीर्वाद दिया और ज्ञान एवं ध्यान के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
गुरु पूजा और सत्संग से हुआ शुभारंभ
गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में आयोजित यह शिविर 29 जुलाई बुधवार शाम को गुरु पूजा और सत्संग भजन संध्या के साथ शुरू हुआ था, जिसका रविवार को समापन हुआ।
इस अवसर पर जोनल कोऑर्डिनेटर मनीष शर्मा, सुरेश पवार, संतोष साहू, राम कुमार सोनी, तुषारकांत गुप्ता, सचिन गव्हाणे, वनिता गुप्ता, बृजेश कालपीवार, नंदकिशोर तिवारी, मुनीन्द्र चौधरी, रमेश जोगी, शरद पवार एवं नितिन पवार सहित अन्य साधक मौजूद रहे।
शिविर में बिछुआ, मोरडोंगरी, गुरैया, उमरानाला, छिंदवाड़ा सहित छत्तीसगढ़ से आए साधकों ने सहभागिता की।



