दुकली की सड़क बनी दलदल, नंगे पैर कीचड़ से होकर गुजरीं सैकड़ों महिलाएं
फुलेहरा पूजन सामग्री विसर्जन के लिए महिलाओं को झेलनी पड़ी परेशानी, सड़क की दुर्दशा पर जताई नाराजगी
दुकली की सड़क बनी दलदल, नंगे पैर कीचड़ से गुजरीं सैकड़ों महिलाएं
Seoni 15 September 2026
सिवनी यशो:- ग्राम पंचायत दुकली की सड़क इन दिनों बेहद खराब स्थिति में पहुंच गई है। लगातार बारिश के कारण पूरी सड़क दलदल में तब्दील हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और पानी भरा होने से ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है और पैदल चलना भी चुनौती बन गया है।

तीजा अर्थात हरितालिका व्रत के पश्चात फुलेहरा पूजन सामग्री के विसर्जन के लिए सैकड़ों महिलाएं धार्मिक आस्था के चलते इसी बदहाल सड़क से होकर विसर्जन स्थल तक पहुंचीं। धार्मिक परंपरा के निर्वहन के लिए महिलाओं ने नंगे पैर कीचड़ और दलदल से होकर रास्ता तय किया। इस दौरान कीचड़ से भरे मार्ग पर चलने के कारण अनेक महिलाओं की पूजन सामग्री भी रास्ते में बिखर गई।
एक ओर महिलाएं धार्मिक आस्था के चलते कठिन रास्ते से होकर पूजन सामग्री विसर्जित करने पहुंचीं, वहीं दूसरी ओर सड़क की दुर्दशा को लेकर उनमें नाराजगी भी दिखाई दी। महिलाओं और ग्रामीणों का कहना था कि बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि यहां से निकलना बेहद मुश्किल हो जाता है। इसके बावजूद सड़क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

ग्रामीणों ने संबंधित जिम्मेदारों से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने तथा जलभराव और कीचड़ की समस्या से स्थायी निजात दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आमजन के साथ-साथ स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
यह भी पढ़े :-
CM मोहन यादव की कैबिनेट के बड़े फैसले: शिक्षा-सिंचाई-किसान और परिवहन पर बड़ा दांव
सरकार के खिलाफ गरजे केवलारी विधायक रजनीश हरवंश सिंह
जेल से छूटा तो फिर शुरू किया चोरी का खेल, दो बाइक चुराकर खंडहर में छिपाईं
https://www.jagran.com/uttar-pradesh/basti-road-problem-18357490.html



