मध्यप्रदेशदेश विदेशव्यापार

मालनपुर में गोदरेज की नई यूनिट का CM मोहन यादव करेंगे शुभारंभ, 2250 से ज्यादा रोजगार

450 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश, उत्पादन क्षमता बढ़ने के साथ स्थानीय युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर

CM मोहन यादव 26 अगस्त को मालनपुर में करेंगे गोदरेज की नई यूनिट का शुभारंभ, 2250+ रोजगार

Bhopal 25 August 2026
भोपाल यशो:-  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 26 अगस्त को भिंड जिले के औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड की चौथी नई विनिर्माण इकाई का शुभारंभ करेंगे। कंपनी ने यूनिट के विस्तार पर 450 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। विस्तार के बाद उत्पादन क्षमता बढ़ने के साथ क्षेत्र में 2250 से अधिक नए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव लोक निर्माण विभाग में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रमाण-पत्र भी वितरित करेंगे। इस अवसर पर श्रम, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री तथा भिंड जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गोदरेज समूह के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।

उत्पादन क्षमता में होगा बड़ा विस्तार

नई इकाई के विस्तार के तहत 10 मीट्रिक टन प्रति घंटे क्षमता वाला निरंतर सैपोनिफिकेशन संयंत्र और प्रति मिनट 217 बंडल की क्षमता वाली स्वचालित पैकेजिंग प्रणाली स्थापित की जा रही है। इसके साथ प्रतिवर्ष 42 करोड़ हेयर कलर सैशे, 14 करोड़ मच्छर निरोधक उत्पाद और 10 करोड़ एयर फ्रेशनर सैशे के उत्पादन की क्षमता विकसित होगी। वहीं हेयर क्रीम उत्पादन की क्षमता 7,300 मीट्रिक टन प्रतिवर्ष होगी।

इस विस्तार से भिंड और आसपास के क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। विस्तार के बाद राज्य को प्रतिवर्ष करीब 185 करोड़ रुपये का अतिरिक्त केंद्रीय और राज्य जीएसटी राजस्व प्राप्त होने की संभावना जताई गई है।

पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर

गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड की ओर से उत्पादन विस्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मालनपुर संयंत्र में शून्य तरल अपशिष्ट उत्सर्जन प्रणाली के साथ 204 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया जाएगा।

कंपनी वर्ष 1991 से मालनपुर में संचालित है। औद्योगिक क्षेत्र में स्थित यह संयंत्र करीब 65 एकड़ क्षेत्र में फैला है और यहां अब तक लगभग 850 करोड़ रुपये का संचयी निवेश किया जा चुका है। तीन दशक से अधिक समय में यह संयंत्र गोदरेज के प्रमुख विनिर्माण केंद्रों में विकसित हुआ है। यहां साबुन, हेयर कलर और घरेलू कीटनाशक सहित विभिन्न उत्पादों का निर्माण किया जाता है।

एशिया की बड़ी साबुन विनिर्माण इकाई बनने की ओर मालनपुर

नई चौथी विनिर्माण इकाई के विस्तार से मालनपुर संयंत्र की उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। वर्तमान में यहां प्रतिवर्ष 1.50 लाख मीट्रिक टन साबुन नूडल्स और 70 हजार मीट्रिक टन तैयार टॉयलेट साबुन के उत्पादन की क्षमता है।

विस्तार के बाद साबुन नूडल्स की क्षमता बढ़कर 2 लाख मीट्रिक टन और तैयार साबुन की क्षमता 1.20 लाख मीट्रिक टन प्रतिवर्ष हो जाएगी। इस तरह कुल उत्पादन क्षमता 3.20 लाख मीट्रिक टन प्रतिवर्ष तक पहुंच जाएगी। इससे मालनपुर संयंत्र एशिया की सबसे बड़ी एकीकृत साबुन विनिर्माण इकाइयों में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

यह भी पढ़े :-

कांधों पर कांवड़, कांवड़ में मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर निकले कांग्रेसजन

बरघाट जनपद अध्यक्ष आभा राहंगडाले के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव औंधे मुंह गिरा

बैगा अंचल में मौतों से मचा हड़कंप, फिरोज खान बोले- बैगा विकास का पूरा हिसाब दे सरकार

“आपके प्रमोशन के साथ मेरा इमोशन जुड़ा है”: CM मोहन यादव का ऐलान- अब साल दर साल नहीं रुकेगी कर्मचारियों की पदोन्नति

https://afeias.com/knowledge-centre/current-content/rojagaar_ke_avasar/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button