सिवनीमध्यप्रदेश

पूरे गांव में बंदरों का उत्पात, उछल-कूद से ग्रामीण परेशान और भयभीत

घरों से खेतों तक बंदरों का कहर, फसलें बर्बाद और मकानों को भी नुकसान

नंदौरा में बंदरों का आतंक, 30-40 बंदरों की टोली से ग्रामीण परेशान

सिवनी यशो :- सिवनी सामान्य वन परिक्षेत्र के गोपालगंज बीट अंतर्गत ग्राम पंचायत नंदौरा में इन दिनों काले मुंह वाले बंदरों की टोली के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में करीब 30 से 40 बंदरों की टोली लगातार उत्पात मचा रही है। बंदर खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ ही कच्चे मकानों को भी क्षतिग्रस्त कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि बंदरों की टोली खेतों में पहुंचकर मक्का और सब्जियों की फसलों को तोड़कर बर्बाद कर रही है। इसके अलावा बंदर घरों में घुसने का प्रयास भी करते हैं, जिससे ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान के साथ सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

बच्चों और बुजुर्गों को काटने के लिए दौड़ते हैं बंदर

ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों का आतंक अब इस कदर बढ़ गया है कि वे छोटे बच्चों और बुजुर्गों को काटने के लिए दौड़ते हैं। गांव में घूमने वाले कुत्तों को भी बंदरों की टोली दौड़ाती है। लगातार हो रहे उत्पात के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

छप्पर पर कूदने से कच्चा मकान क्षतिग्रस्त

बंदरों के उत्पात का असर वेदप्रकाश के कच्चे मकान पर भी पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार बंदरों के छप्पर पर कूदने से मकान का छप्पर क्षतिग्रस्त हो गया। बताया गया कि छप्पर का निर्माण हाल ही में कराया गया था। बारिश के मौसम में छप्पर क्षतिग्रस्त होने से परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर बंदरों को भगाया

बंदरों के आतंक से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को सामान्य वन परिक्षेत्र अधिकारी देवेंद्र सोनी से चर्चा कर समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बंदरों को गांव से दूर भगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग ने संबंधित बीट प्रभारी को मौके पर भेजा। बीट प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर बंदरों की टोली को गांव से कुछ दूर भगाया।

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि बंदरों के आतंक से स्थायी रूप से निजात दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि फसलों को हो रहे नुकसान के साथ ही बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।

यह भी पढ़ें:-

नीट-जेईई की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को मिलेगा सुनहरा अवसर

माटी गणेश प्रतिमा निर्माण का प्रशिक्षण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

अवैध कॉलोनाइजिंग पर निगम का शिकंजा, एफआईआर की तैयारी

सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा की जिला कार्यशाला, सुमेर सिंह सोलंकी बोले—सेवा संगठन के कार्यकर्ता का संस्कार

https://www.google.com/amp/s/www.amarujala.com/amp/city-and-states/monkey-menace-in-beri-solution-sought-from-the-municipality-jhajjar-news-c-195-1-jjr1001-139641-2026-09-09

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button