छिंदवाड़ामध्यप्रदेश

छिंदवाड़ा सहकारिता विभाग में उपायुक्त का पद खाली, प्रभारी ऑडिटर के पास पंजीयक का चार्ज

उपायुक्त घनश्याम डेहरिया के रीवा स्थानांतरण के बाद सिवनी के ऑडिटर नारायणदत्त को मिली जिम्मेदारी, जिले में करीब एक हजार सहकारी समितियां

छिंदवाड़ा। सहकारिता विभाग छिंदवाड़ा में उपायुक्त का पद रिक्त होने के बाद विभागीय कामकाज की जिम्मेदारी फिलहाल प्रभारी अधिकारी के भरोसे है। सहकारिता विभाग के उपायुक्त घनश्याम डेहरिया के पदोन्नत होकर रीवा में संयुक्त संचालक के रूप में पदस्थ होने के बाद शासन स्तर से छिंदवाड़ा में नए उपायुक्त की नियुक्ति नहीं की गई है।

बताया गया है कि फिलहाल सिवनी के ऑडिटर नारायणदत्त को प्रभारी अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। छिंदवाड़ा जिले में करीब एक हजार सहकारी समितियां संचालित हैं, ऐसे में विभागीय कामकाज और समितियों से जुड़े पंजीयन सहित अन्य दायित्व महत्वपूर्ण माने जाते हैं।

वार्षिक आमसभा की सूचना को लेकर उठे सवाल

सहकारी समितियों की वार्षिक आमसभा और उसकी सूचना सार्वजनिक किए जाने को लेकर भी विभागीय स्तर पर चर्चा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा कुछ सहकारी समितियों से विज्ञापन प्रकाशित नहीं कराने की बात कही गई और इसे अनावश्यक खर्च बताया गया।

वहीं, सहकारी समितियों की वार्षिक आमसभा की सूचना सदस्यों तक पहुंचाना आवश्यक प्रक्रिया का हिस्सा है। ऐसे में समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों के बीच इस बात को लेकर स्थिति स्पष्ट किए जाने की आवश्यकता बताई जा रही है कि आमसभा की सूचना किस माध्यम से और किन नियमों के तहत प्रकाशित या प्रसारित की जानी है।

नए उपायुक्त की नियुक्ति का इंतजार

जिले में बड़ी संख्या में सहकारी समितियां होने के कारण सहकारिता विभाग में नियमित उपायुक्त की पदस्थापना को लेकर भी चर्चा है। विभागीय कार्यों की निरंतरता और समितियों से जुड़े मामलों के प्रभावी संचालन के लिए नियमित अधिकारी की नियुक्ति कब तक होती है, यह देखना होगा।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button