प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना बनी खुमान सिंह का सहारा, फसल नुकसान पर मिली 1.10 लाख रुपये की राहत
घंसौर के किसान ने पांच वर्षों से कराया फसल बीमा, 2025 में नुकसान के बाद मिला क्लेम; बोले- संकट की घड़ी में बीमा बना सुरक्षा कवच
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से खुमान सिंह को मिली 1.10 लाख की राहत
सिवनी, 29 सितंबर 2026
सिवनी यशो:- प्राकृतिक आपदाओं और मौसम की अनिश्चितताओं के बीच किसानों के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। सिवनी जिले की घंसौर तहसील के ग्राम टिकरा निवासी किसान खुमान सिंह पिता मेहताब सिंह के लिए भी फसल नुकसान के बाद यह योजना आर्थिक संबल बनी।
किसान खुमान सिंह के अनुसार, वे पिछले पांच वर्षों से लगातार अपनी फसलों का बीमा कराते आ रहे हैं। वर्ष 2025 में फसल को नुकसान होने के बाद प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत उन्हें 1 लाख 10 हजार रुपये की क्लेम राशि प्राप्त हुई।
फसल क्षति के बाद समय पर मिली इस राशि से खुमान सिंह को आर्थिक राहत मिली और वे दोबारा खेती-किसानी के काम को आगे बढ़ाने में सक्षम हुए।
‘किसानों के लिए सुरक्षा कवच है फसल बीमा’
खुमान सिंह का कहना है कि प्राकृतिक आपदा के कारण फसल खराब होने की स्थिति में फसल बीमा किसानों के लिए सुरक्षा कवच का काम करता है। क्लेम राशि मिलने के बाद अब वे अपने क्षेत्र के अन्य किसानों को भी फसलों का बीमा कराने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए प्रधानमंत्री एवं शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।



