सिवनीक्राइममध्यप्रदेश

अवैध शराब के खिलाफ सिवनी पुलिस का बड़ा अभियान, 752 लीटर शराब जब्त, 117 क्विंटल महुआ लहान नष्ट

22 प्रकरण दर्ज, 17 आरोपी गिरफ्तार; दो बोलेरो और एक स्कूटी भी जब्त, जिलेभर में लगातार जारी है कार्रवाई

सिवनी पुलिस का अवैध शराब पर बड़ा एक्शन, 752 लीटर शराब जब्त

सिवनी यशो :- जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ सिवनी पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान अब तक 22 प्रकरण दर्ज कर 17 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। 752 लीटर देशी-विदेशी एवं कच्ची शराब जब्त करने के साथ 117 क्विंटल से अधिक महुआ लहान नष्ट किया गया है। कार्रवाई के दौरान दो बोलेरो वाहन और एक स्कूटी भी जब्त की गई है।

सिवनी पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते सिवनी पुलिस के जवान

पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में यह अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीमों ने शराब के अवैध निर्माण और परिवहन के ठिकानों पर दबिश देने के साथ ढाबों एवं संदिग्ध वाहनों की भी जांच की।

बोलेरो से 232 लीटर शराब बरामद

7 सितंबर को थाना केवलारी की चौकी पलारी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी कर एक बोलेरो वाहन की तलाशी ली। वाहन से 232 लीटर देशी-विदेशी शराब, जिसकी कीमत करीब 1.11 लाख रुपये बताई गई है, बरामद की गई। वाहन जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

19 सितंबर को थाना बंडोल पुलिस ने ढाबा चेकिंग के दौरान चार अलग-अलग ढाबों पर अवैध शराब बेचते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 18 लीटर शराब जब्त की गई और चार प्रकरण दर्ज किए गए।

इसी दिन घंसौर थाना क्षेत्र के ग्राम मेहता में बोलेरो वाहन की जांच के दौरान दो आरोपियों के कब्जे से 30 लीटर अवैध शराब बरामद कर वाहन भी जब्त किया गया।

गंज क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई, 75 क्विंटल लहान नष्ट

20 सितंबर को कोतवाली पुलिस ने कुचबंदिया मोहल्ला गंज में कार्रवाई करते हुए एक महिला के घर के पीछे बाथरूम से 60 लीटर हाथभट्टी महुआ शराब बरामद की।

इसी दिन गंज वार्ड में बड़े पैमाने पर महुआ लहान रखे होने की सूचना पर कोतवाली, लखनवाड़ा, डूण्डासिवनी, बंडोल, महिला थाना, अजाक और रक्षित केंद्र के 100 से अधिक पुलिस जवानों की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई की। इस दौरान करीब 400 डिब्बों में भरा 50 क्विंटल महुआ लहान, 10 भट्टियां और 20 ड्रम नष्ट किए गए।

22 सितंबर को प्रशिक्षु डीएसपी सचिन मोहनिया, कोतवाली थाना पुलिस और SAF के 60 से अधिक जवानों ने गंज क्षेत्र में दोबारा कार्रवाई करते हुए 125 डिब्बों में भरा 25 क्विंटल महुआ लहान नष्ट किया।

जंगल और नाले बने अवैध शराब निर्माण के ठिकाने

कुरई थाना पुलिस ने 23 सितंबर को ग्राम वहीदाबाद और खंडासा के जंगल में नदी किनारे दबिश देकर 4 क्विंटल महुआ लहान और भट्टी नष्ट की। डूण्डासिवनी पुलिस ने ग्राम सेलुआ के जंगल में नाले किनारे 5 क्विंटल, जबकि 24 सितंबर को ग्राम बाम्हनदेही और जंगलटोला के जंगल में 4.05 क्विंटल महुआ लहान नष्ट किया।

27 सितंबर को बेलगांव के नाले में 4 क्विंटल महुआ लहान नष्ट किया गया। इसके बाद 28 सितंबर को सेलुआ और बेलगांव क्षेत्र में फिर कार्रवाई कर 4 क्विंटल लहान नष्ट किया गया।

362 लीटर देशी-अंग्रेजी शराब जब्त

23 सितंबर को कोतवाली पुलिस ने गंज वार्ड में रेलवे लाइन किनारे स्थित एक खंडहर मकान में दबिश दी। यहां से 42 पेटी यानी 362 लीटर देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत करीब 1.71 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी अमन राय को गिरफ्तार किया।

कान्हीवाड़ा में 15 क्विंटल लहान नष्ट

29 सितंबर को थाना कान्हीवाड़ा पुलिस ने जवाना अलीनगर क्षेत्र में दबिश देकर अवैध शराब निर्माण के लिए तैयार किया गया करीब 15 क्विंटल महुआ लहान मौके पर नष्ट किया।

अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई जारी

पुलिस के अनुसार जिले में अभियान के दौरान अब तक 22 कार्रवाई और 22 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। कुल 752 लीटर शराब जब्त, 117 क्विंटल महुआ लहान नष्ट, दो बोलेरो और एक स्कूटी जब्त की गई है। कार्रवाई में कुल 17 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण बनाए गए हैं तथा जब्त मशरुका की कीमत करीब 3.11 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें:-

छापारा के प्रत्यूष और तनिष्का ने लहराया परचम, राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए चयन

“वोट चोरी” के आरोपों पर कांग्रेस का पलटवार, जिला प्रवक्ता जेपीएस तिवारी ने भाजपा से मांगे सवालों के जवाब

जिला गौली समाज को मिला नया नेतृत्व: रामजी चंद्रवंशी जिला अध्यक्ष, फतेसिंग पटेल कार्यकारी अध्यक्ष घोषित

मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन 30 सितंबर को

2 से 10 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान

https://navbharattimes.indiatimes.com/state/bihar/patna/where-does-bihar-liquor-ban-law-stand-today-amidst-all-controversies/amp_articleshow/133189472.cms

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!