शांतिपूर्ण गणेशोत्सव कराने वाली समितियों का सम्मान, 22 समितियां हुईं पुरस्कृत
कुचबुंदिया मोहल्ला समिति ने जीता प्रथम पुरस्कार, लालबाग महाराजा समिति द्वितीय और केवटी वार्ड की बाल समाज समिति तृतीय स्थान पर रही
सिवनी में गणेश उत्सव समितियों का सम्मान, कुचबुंदिया समिति प्रथम
Seoni, 01 October 2026
सिवनी यशो: नगर में 14 सितंबर से 25 सितंबर तक आयोजित श्रीगणेशोत्सव महापर्व के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन के उपलक्ष्य में जिला युवा संधि समाज सेवी संस्था द्वारा सार्वजनिक गणेश उत्सव समितियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। बुधवार रात 8 बजे स्थानीय काली चौक में हुए कार्यक्रम में धार्मिक परंपराओं के अनुरूप आयोजन करने, अनुशासन बनाए रखने तथा शांतिपूर्ण चल समारोह के साथ भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन करने वाली समितियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
समारोह में छिंदवाड़ा रोड कुचबुंदिया मोहल्ला समिति, सिवनी को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। लालबाग के महाराजा गणेश उत्सव समिति, सुभाष वार्ड ने द्वितीय तथा बाल समाज गणेश उत्सव समिति, केवटी वार्ड ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। इसके अलावा सफल एवं अनुशासित आयोजन के लिए 19 गणेश उत्सव समितियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

माता महाकाली की आरती से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ माता महाकाली की आरती एवं पूजन के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि एसडीओपी चंचलेश मरकाम, विशिष्ट अतिथि सीएसपी सचिन, थाना प्रभारी कोतवाली सतीश तिवारी, थाना प्रभारी डूंडासिवनी चैनसिंह उइके, सुरेंद्र करोसिया, विनोद जैन (विनय डेकोरेशन), श्रीकांत दुबे एवं कार्यक्रम अध्यक्ष सुबोध बादल ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया।
इस अवसर पर रितिका सोनी ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अतिथियों के स्वागत के बाद नगर की विभिन्न व्यायामशालाओं से उपस्थित स्वयंसेवकों का शाल-श्रीफल से सम्मान किया गया।
इन आधारों पर हुआ समितियों का चयन
कार्यक्रम में सम्मान के लिए गणेश उत्सव समितियों के चयन के आधारों की जानकारी देते हुए श्रीकांत दुबे ने संस्था की ओर से कहा कि उन समितियों को प्राथमिकता दी गई, जिन्होंने शास्त्रगत विधि-विधान के साथ आयोजन किया, हुड़दंग से दूरी बनाए रखी, अनुशासन कायम रखा और प्रशासन का सहयोग किया।
उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव जैसे धार्मिक आयोजनों को श्रद्धा, अनुशासन और सामाजिक समरसता के साथ मनाने वाली समितियों को प्रोत्साहित करना ही सम्मान समारोह का उद्देश्य है।
एसडीओपी बोले- दुर्गा उत्सव में भी पुलिस प्रशासन देगा पूरा सहयोग
मुख्य अतिथि एसडीओपी चंचलेश मरकाम ने कहा कि पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दायित्वों में व्यस्त होने के कारण कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके और उनके प्रतिनिधि के रूप में वे यहां पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि सिवनी से लगे छिंदवाड़ा जिले से होने के कारण वे सिवनी को अच्छी तरह जानते हैं। उन्होंने अपने सरस्वती शिशु मंदिर में अध्ययन का उल्लेख करते हुए धार्मिक आयोजनों से अपने जुड़ाव की बात भी कही।
एसडीओपी ने कहा कि नागरिकों और गणेश उत्सव समितियों के सहयोग से सिवनी में गणेशोत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। आगामी श्री दुर्गा उत्सव भी धार्मिक गरिमा और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा।
लखनवाड़ा घाट के गहरीकरण और नेहरू रोड पर यातायात व्यवस्था की मांग
समारोह के दौरान गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों ने प्रतिमा विसर्जन के दौरान सामने आई समस्याओं से प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया।
समितियों ने वैनगंगा लखनवाड़ा घाट की सफाई एवं गहरीकरण कराने की मांग की, ताकि आगामी आयोजनों में गणेश प्रतिमाओं का सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से विसर्जन किया जा सके।
इसके अलावा आगामी दुर्गा उत्सव के दौरान नेहरू रोड पर शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक चौपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किए जाने की मांग भी रखी गई। उपस्थित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने पर्व के दौरान आवश्यक व्यवस्था किए जाने का आश्वासन दिया।
आयोजन में इनका रहा योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला युवा संधि समाज सेवी संस्था के अध्यक्ष दिलीप नेमा, राजेंद्र गुप्ता, विनोद सतनामी, मनोज ब्रह्मवंशी, राजा ठाकुर, सोहन सोनी, धनराज यादव, अमित तिवारी, संदीप सोनी, नरोत्तम साहू, प्रदीप सराठे, सिद्धार्थ ताम्रकार, रितेश पटेल, शिव कहर, अरुण श्रीवास्तव, अमोल शुक्ला, रामगोपाल चौधरी, कन्हैया नाविक एवं अमित सहित अन्य सदस्यों का योगदान रहा।
कार्यक्रम का मंच संचालन बसंत बघेल ने किया। कार्यक्रम अध्यक्ष सुबोध बादल ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, गणेश उत्सव समितियों, व्यायामशाला समितियों तथा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़े :-
अस्पताल में पानी नहीं, गंदगी का अंबार; मरीज-परिजन परेशान, व्यवस्था सुधारने सौंपा ज्ञापन
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना बनी खुमान सिंह का सहारा, फसल नुकसान पर मिली 1.10 लाख रुपये की राहत
पांच साल बाद भी पेंच-1 पंप हाउस-3 का काम अधूरा, किसानों ने किया निरीक्षण



