छिंदवाड़ामध्यप्रदेश

पांच साल बाद भी पेंच-1 पंप हाउस-3 का काम अधूरा, किसानों ने किया निरीक्षण

15 गांवों के किसानों को रबी में पानी मिलने की उम्मीद, अधूरे काम देखकर जताई नाराजगी; विभाग बोला—नवंबर में करेंगे पानी की टेस्टिंग

पांच साल बाद भी पेंच-1 पंप हाउस-3 अधूरा, किसानों ने जताई नाराजगी

Chhindwara, 29 September 2026
छिंदवाड़ा यशो:- माइक्रो इरीगेशन पेंच-1 परियोजना के पंप हाउस क्रमांक-3 का काम पांच वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी पूरा नहीं होने से किसानों में नाराजगी बढ़ रही है। विभाग और ठेकेदार की ओर से लगातार दिए जा रहे आश्वासनों के बीच करीब 15 गांवों के किसान इस उम्मीद में हैं कि इस वर्ष नवंबर में रबी सीजन के लिए उनके खेतों तक पानी पहुंच सकेगा। हालांकि, निर्माण स्थल पर काम की स्थिति देखकर किसानों ने इस संभावना पर सवाल उठाए हैं।

इसी सिलसिले में किसान संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल माचागोरा डेम पहुंचा और पंप हाउस सहित परियोजना से जुड़े निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। समिति अध्यक्ष शिवकुमार दुबे के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने मौके पर कई कार्य अधूरे पाए और निर्माण कार्य बंद होने पर नाराजगी जताई।

सर्च टैंक, बिजली कनेक्शन और मोटर का काम अधूरा

किसानों के अनुसार निरीक्षण के दौरान सर्च टैंक का निर्माण अधूरा मिला। ट्रांसफार्मर में अभी बिजली कनेक्शन नहीं किया गया है तथा मोटर से स्टार्टर का कनेक्शन भी नहीं हुआ है। वहीं कलकोटी सर्ज टैंक का काम भी अधूरा पड़ा हुआ है। किसानों का कहना है कि जब निर्माण कार्य ही बंद है तो नवंबर में पानी की टेस्टिंग कैसे होगी, यह बड़ा सवाल है।

प्रतिनिधिमंडल में मंगल बंजारा, गुरूप्रसाद सनोडिया, राहुल सनोडिया, विष्णु शर्मा, प्रभुदयाल साहू, शिवराम साहू, संजय बट्टी सहित अन्य किसान शामिल रहे।

पांच साल से पानी का इंतजार

किसानों ने बताया कि खेतों तक पानी पहुंचाने की मांग को लेकर वे पिछले पांच वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं। इस दौरान कई बार आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किए गए तथा मुख्यमंत्री, सिंचाई मंत्री और संबंधित अधिकारियों तक अपनी मांग पहुंचाई गई। किसानों को उम्मीद थी कि इस वर्ष रबी की फसल के लिए पेंच परियोजना से उनके खेतों को पानी मिल सकेगा।

किसानों ने विभाग से मांग की है कि ठेकेदार से निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराकर इसी वर्ष पानी की टेस्टिंग कराई जाए, ताकि किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिल सके। किसानों ने कहा कि यदि इस वर्ष भी पानी नहीं मिला तो उन्हें दोबारा आंदोलन की राह पकड़ने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

विभाग का दावा—नवंबर में पूरा होगा काम

कार्यपालन यंत्री, नहर संभाग छिंदवाड़ा टेकाम ने कहा कि पंप हाउस क्रमांक-3 का काम नवंबर में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कलकोटी का सर्च टैंक समय पर पूरा नहीं होने की स्थिति में भी माचागोरा डेम के पास बने सर्च टैंक से पानी की टेस्टिंग की जा सकती है। विभाग का कहना है कि इसके माध्यम से किसानों को पानी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

यह भी पढ़े :-

11 अक्टूबर को भव्यता से मनाया जाएगा महाराज श्री अग्रसेन का जन्मोत्सव

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से शालिनी को मिला मातृत्व का आर्थिक संबल

मक्का फसल नुकसान पर किसानों को बड़ी राहत, प्रभावित किसानों को मिलेगा 25 प्रतिशत अग्रिम भुगतान

वोट चोरी’ का आरोप है तो प्रमाण दीजिए, सिर्फ राजनीतिक शोर नहीं : मीना बिसेन

https://www.naidunia.com/madhya-pradesh/seoni-five-years-later-mogli-bal-utsav-will-be-celebrated-in-pench-national-park-3322210

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!