क्राइममध्यप्रदेशसिवनी

अंधी हत्या का सनसनीखेज खुलासा: मां और मामा पर युवती की हत्या का आरोप, शव मक्के के खेत में फेंककर हादसा दिखाने की कोशिश

मोबाइल पर बात करने को लेकर हुआ था विवाद, पुलिस के अनुसार गला दबाकर और जमीन पर पटककर हत्या; करंट लगाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास, दोनों गिरफ्तार

कुरई में युवती की हत्या का खुलासा, मां-मामा गिरफ्तार

Seoni, 04 October 2026
सिवनी/कुरई यशो:-
 कुरई थाना क्षेत्र के ग्राम सतोसा में मक्के के खेत से मिले युवती के शव के मामले में पुलिस ने अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतिका मुस्कान उईके (22) की हत्या के मामले में उसकी मां सुनीता उईके और मामा अनिल धुर्वे को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों ने हत्या के बाद शव को मक्के के खेत में फेंककर घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया था।

पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी (भापुसे) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा तथा एसडीओपी बरघाट ललित गठरे के मार्गदर्शन में कुरई पुलिस ने तकनीकी, वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई।

मक्के के खेत में मिला था अज्ञात महिला का शव

पुलिस के मुताबिक 30 सितंबर 2026 की सुबह ग्राम सतोसा के मक्के के खेत में एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला था। शव पर चोटों के निशान के साथ विद्युत करंट से झुलसने के निशान भी पाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान आसपास के गांवों और रिसॉर्ट में पूछताछ की गई। विभिन्न रिसॉर्ट के कर्मचारियों की जानकारी जुटाने के साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए।

रिसॉर्ट से मिला मृतिका का सुराग

जांच में पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सतोसा निवासी मुस्कान उईके ग्राम आवरघनी स्थित रामधाम रिसॉर्ट (आलिव रिसॉर्ट) में काम करती थी और 28 सितंबर की शाम काम पर जाने के बाद वापस नहीं लौटी थी।

मृतिका के परिजनों से पूछताछ के बाद उसकी मां सुनीता उईके ने फोटो, कपड़े और हुलिए के आधार पर शव की पहचान अपनी बड़ी बेटी मुस्कान उईके, पिता गुरूप्रसाद उईके, उम्र 22 वर्ष के रूप में की।

मोबाइल पर बात करने को लेकर विवाद, पुलिस के अनुसार गला दबाकर हत्या

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मृतिका की मां सुनीता उईके और मामा अनिल धुर्वे को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक 28 सितंबर की रात मुस्कान मोबाइल पर काफी देर तक किसी व्यक्ति से बातचीत कर रही थी। मोबाइल पर बात करने से मना करने को लेकर घर में विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपियों ने कथित रूप से मुस्कान का गला दबाया और उसे जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या को हादसा दिखाने के लिए लगाया करंट

पुलिस के अनुसार हत्या के बाद घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए शव पर लोहे की रॉड और तार के माध्यम से विद्युत करंट लगाया गया। इसके बाद शव को मक्के के खेत में ले जाकर फेंक दिया गया।

पुलिस ने संपूर्ण साक्ष्य संकलन और विवेचना के बाद थाना कुरई में अपराध क्रमांक 442/2026, धारा 103(1), 238(a), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

हत्याकांड के खुलासे में थाना प्रभारी कुरई निरीक्षक कृपाल शाह टेकाम, थाना प्रभारी बरघाट निरीक्षक मोहनीश बैस, मेडिकल कॉलेज सिवनी के डॉ. सैय्यद हुसैनी, उनि इंजन सिंह मर्सकोले, उनि राहुल काकोडिया, सउनि भूपेन्द्र नागेश्वर, सउनि शैलेन्द्र डोंगरे, सउनि दिलीप सरयाम सहित पुलिस बल और साइबर सेल सिवनी के सउनि देवेन्द्र जैसवाल एवं प्रआर अजय बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जिला सिवनी पुलिस का कहना है कि गंभीर एवं जघन्य अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई और आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

नोट: आरोपियों के संबंध में ऊपर दी गई हत्या की घटनाक्रम संबंधी बातें पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति और पुलिस द्वारा बताए गए पूछताछ के आधार पर हैं। अंतिम दोषसिद्धि न्यायालय के निर्णय पर निर्भर होगी।

यह भी पढ़े :-
गौपालकों के घर समृद्धि का रास्ता बनेगा पशुधन और दुग्ध उत्पादन : अमित शाह

18 साल से पढ़ा रहे अतिथि शिक्षक अब मांग रहे स्थायित्व, कलेक्टर को सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन

सांसद बंटी विवेक साहू ने नवनियुक्त भाजपा पदाधिकारियों का किया सम्मान

कान्हीवाड़ा में सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित

https://www.facebook.com/share/v/1MpCsPzihK/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!