राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से नवाजे गए शिक्षक अनिल राजपूत, डॉ. राधाकृष्णन सम्मान से बढ़ाया सिवनी का गौरव
कुरई के शासकीय हाईस्कूल ऐरमा में नवाचार एवं गतिविधि आधारित शिक्षण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान
शिक्षक अनिल राजपूत को राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान, मिला डॉ. राधाकृष्णन सम्मान
Seoni, 06 October 2026
सिवनी यशो:- शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, रचनात्मक गतिविधियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रहे विकासखंड कुरई के शासकीय हाईस्कूल ऐरमा में पदस्थ शिक्षक अनिल राजपूत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। विश्व शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह में उन्हें सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन सम्मान से सम्मानित किया गया।
शिक्षक अनिल राजपूत को यह सम्मान 4 अक्टूबर 2026 को महात्मा ज्योतिबा फुले धर्मार्थ ट्रस्ट, भिवानी (हरियाणा) तथा 5 अक्टूबर 2026 को चौधरी केहर सिंह एजुकेशनल ट्रस्ट, बड़ौत, जिला बागपत (उत्तर प्रदेश) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय एवं अनुकरणीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
रचनात्मक और गतिविधि आधारित शिक्षण पर जोर
शिक्षक अनिल राजपूत द्वारा विद्यालय में पारंपरिक शिक्षण पद्धति के साथ-साथ रचनात्मक, सृजनात्मक एवं गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है। उनके प्रयासों से विद्यार्थियों को विषयों को केवल किताबों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें व्यवहारिक रूप से समझने और सीखने के अवसर मिल रहे हैं।
विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के बौद्धिक, भावनात्मक, रचनात्मक और व्यावहारिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उनके द्वारा किए जा रहे नवाचारों का उद्देश्य बच्चों में सीखने की रुचि विकसित करने के साथ उनकी प्रतिभा को सामने लाना भी है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप अनुभवात्मक शिक्षा
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में शिक्षक की भूमिका को केवल किताबी ज्ञान प्रदान करने तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों में कौशल विकास, तार्किक सोच, रचनात्मकता और भावनात्मक क्षमता विकसित करने पर जोर दिया गया है।
इसी दिशा में शिक्षक अनिल राजपूत द्वारा विद्यार्थियों में रटने की प्रवृत्ति को कम करते हुए अनुभवात्मक, गतिविधि आधारित एवं खोजपरक शिक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है। विद्यार्थियों की रुचि और क्षमता के अनुरूप गतिविधियों के माध्यम से सीखने का वातावरण तैयार करने के उनके प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
शाला परिवार और समाज ने दी बधाई
अनिल राजपूत को राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान मिलने पर शासकीय हाईस्कूल ऐरमा के प्राचार्य आर.के. गरेवाल एवं समस्त शाला परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
वहीं समाज की क्षेत्रीय समिति सिवनी के अध्यक्ष ठा. प्रवीण सिंह भारद्वाज, उपाध्यक्ष ठा. रमाकांत सिंह एवं समस्त सदस्यों ने भी शिक्षक अनिल राजपूत के सम्मान को सिवनी जिले के लिए गौरव का विषय बताया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों द्वारा किए जा रहे ऐसे नवाचार विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाने के साथ समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिक्षक अनिल राजपूत ने राष्ट्रीय सम्मान के लिए आयोजक संस्थाओं, शाला परिवार एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़े :-
संबल योजना से मृतकों के परिजनों को मिली आर्थिक राहत, अंत्येष्टि सहायता राशि वितरित
आंगनवाड़ी में बच्चों को बांटे घुन लगे चावल, गुणवत्ता पर उठे सवाल
वन अधिकार कानून ग्राम सभा का अधिकार, वन विभाग का प्रशासनिक विवेक नहीं : डॉ. अशोक मर्सकोले
सरकारी जमीन बेचने के आरोपों के बावजूद महेश माधवानी पर कार्रवाई क्यों नहीं?



