मध्यप्रदेश में अगले साल होगा ‘युवा वर्ष’, MPPSC साल में दो बार—12 नए मेडिकल कॉलेज और 12 यूनिवर्सिटी का ऐलान
सीएम डॉ. मोहन यादव की बड़ी घोषणाएं: हर जिले के सरकारी कॉलेज में प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग, रिसर्च स्कॉलरशिप ₹25 हजार और युवाओं के स्टार्टअप के लिए ₹5 करोड़ का आइडिया फंड
MP में युवा वर्ष: MPPSC साल में 2 बार, 12 मेडिकल कॉलेज और 12 यूनिवर्सिटी
Bhopal 06 October 2026
भोपाल यशो:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं को शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और स्टार्टअप के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। भोपाल के टी.टी. नगर स्थित शासकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ राज्य स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अगला वर्ष मध्यप्रदेश में ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने के लिए प्रदेश में शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर काम किया जा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश के सभी जिलों के शासकीय महाविद्यालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की जाएगी।
रिसर्च स्कॉलर्स की छात्रवृत्ति 16 हजार से बढ़कर 25 हजार
डॉ. मोहन यादव ने रिसर्च स्कॉलर्स के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि रिसर्च स्कॉलरशिप को ₹16,000 से बढ़ाकर ₹25,000 प्रतिमाह किया जाएगा। इससे शोध के क्षेत्र में कार्य कर रहे विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के सभी शासकीय महाविद्यालयों में आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एडवांस्ड कंप्यूटिंग लैब स्थापित की जाएंगी।
स्टार्टअप आइडिया के लिए 5 करोड़ का आइडिया फंड
युवाओं के नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए राज्य स्तर पर ₹5 करोड़ का आइडिया फंड बनाने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की। इसका उद्देश्य युवाओं के नए और उपयोगी स्टार्टअप आइडिया को प्रोत्साहित करना होगा।
उन्होंने कहा कि बेटियों के लिए संचालित ‘गांव की बेटी’ और ‘प्रतिभा किरण’ योजनाओं का दायरा भी बढ़ाया जाएगा। वहीं कॉलेजों में बेहतर प्लेसमेंट के लिए एक विशेष एजेंसी निर्धारित की जाएगी।
अब साल में दो बार होगी MPPSC परीक्षा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं के लिए सबसे महत्वपूर्ण घोषणाओं में से एक करते हुए कहा कि अब एक वर्ष में MPPSC की एक नहीं, बल्कि दो परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इससे अधिक से अधिक युवाओं को प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने और अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिलेगा।
12 नए मेडिकल कॉलेज और 12 नई यूनिवर्सिटी
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा वर्ष के दौरान प्रदेश में उच्च शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश में 12 नए मेडिकल कॉलेज और 12 नई यूनिवर्सिटी खोली जाएंगी।
उन्होंने कहा कि युवाओं से सुझाव लेकर युवा वर्ष के दौरान कई नए नवाचार किए जाएंगे।
स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए बस सुविधा की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शासकीय नौकरियों में लगातार नई भर्तियां और प्रमोशन कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का उल्लेख करते हुए कहा कि 21 वर्ष बाद विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुगम और सुरक्षित परिवहन की सुविधा मिली है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए भी बसों की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
‘मेरे सपनों का भारत’ में 50 लाख विद्यार्थियों की सहभागिता
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व की बात है कि राज्य स्तरीय आयोजन में लगभग 60 हजार शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के 50 लाख विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में बदलाव दिखाई दे रहा है। विद्यार्थियों को सेवा के 25 वर्षों को केवल याद करने के बजाय उसे सेवा-संकल्प के रूप में समझना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को स्वच्छता, पौधरोपण, जल संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता, माता-पिता और शिक्षकों के सम्मान तथा देश की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
दो वर्षों में जर्जर और भवनविहीन स्कूलों के भवन पूरे करने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष सरकार ने संकल्प लिया है कि स्कूल शिक्षा विभाग के जर्जर भवनों और भवनविहीन शालाओं के सभी भवन आगामी दो वर्षों में पूर्ण किए जाएंगे। उन्होंने आयोजन में सहभागी विद्यार्थियों, शिक्षकों और आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं एक नजर में
-
सभी जिलों के सरकारी कॉलेजों में प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग
-
रिसर्च स्कॉलरशिप 16,000 से बढ़ाकर 25,000 प्रतिमाह
-
सरकारी कॉलेजों में AI और एडवांस्ड कंप्यूटिंग लैब
-
युवाओं के स्टार्टअप के लिए 5 करोड़ का आइडिया फंड
-
‘गांव की बेटी’ और ‘प्रतिभा किरण’ का दायरा बढ़ेगा
-
कॉलेजों में बेहतर प्लेसमेंट के लिए विशेष एजेंसी
-
अगला वर्ष ‘युवा वर्ष’
-
MPPSC की साल में दो परीक्षाएं
-
प्रदेश में 12 नए मेडिकल कॉलेज
-
प्रदेश में 12 नई यूनिवर्सिटी
-
स्कूल-कॉलेज विद्यार्थियों के लिए बस सुविधा विस्तार की तैयारी
-
दो वर्षों में जर्जर व भवनविहीन स्कूलों के भवन पूरे करने का लक्ष्य
यह भी पढ़े :-
कंजई के जंगल में अवैध शराब के अड्डे पर डूण्डासिवनी पुलिस का प्रहार
ओमकला केंद्र की मातृशक्ति को 50 सिलाई मशीनों की सौगात, 8 अक्टूबर को सिवनी में सेवा का महाआयोजन
पांढुर्णा के विकास में कोई कसर नहीं रहेगी, किसानों की फसल का होगा सर्वे: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव



