आंगनवाड़ी में बच्चों को बांटे घुन लगे चावल, गुणवत्ता पर उठे सवाल
जमुनिया आंगनवाड़ी केंद्र का मामला, ग्रामीणों ने महिला एवं बाल विकास विभाग से जांच और कार्रवाई की मांग की
आंगनवाड़ी में घुन लगे चावल बांटने का आरोप, गुणवत्ता पर उठे सवाल
Chhindwara, 05 October 2026
छिंदवाड़ा यशो:- आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को वितरित किए जा रहे पोषण आहार की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। चौरई विकासखंड की ग्राम पंचायत जमुनिया स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में स्वसहायता समूह के माध्यम से कथित रूप से घुन लगे चावल वितरित किए जाने का मामला सामने आया है।
ग्रामीणों के अनुसार आंगनवाड़ी केंद्र में छोटे बच्चों के लिए वितरित किए गए चावल की गुणवत्ता खराब दिखाई दे रही है। आरोप है कि चावल में घुन लगा हुआ है, इसके बावजूद इसे बच्चों के लिए वितरण में शामिल किया गया।
ग्रामीण क्षेत्र की आंगनवाड़ियों पर विशेष सवाल
ग्रामीणों ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वसहायता समूहों के माध्यम से खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है, लेकिन कई स्थानों पर इसकी गुणवत्ता को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। ग्रामीण क्षेत्र की आंगनवाड़ियों में खाद्यान्न की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिए जाने की आवश्यकता बताई जा रही है।
जमुनिया केंद्र में वितरित चावल को लेकर ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराने की मांग की है।
जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
ग्रामीणों ने महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि जमुनिया आंगनवाड़ी केंद्र में वितरित चावल के नमूने की जांच कराई जाए और यदि खाद्यान्न मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
यह भी पढ़े :-
राष्ट्रीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन 20 दिसंबर को विदिशा में
कंजई के जंगल में अवैध शराब के अड्डे पर डूण्डासिवनी पुलिस का प्रहार
जिला अस्पताल से लैपटॉप चोरी का खुलासा, कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा



