गौवंश से भरा कंटेनर पकड़ा, 70 गौवंश क्रूरता से मुक्त; आरोपी गिरफ्तार
ग्वालियर से नागपुर कत्लखाने ले जाने की सूचना पर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, करीब 10 लाख का कंटेनर जब्त
सिवनी में कंटेनर से 70 गौवंश बरामद, आरोपी गिरफ्तार
Seoni 07 October 2026
सिवनी यशो:- गौवंश के अवैध परिवहन और पशुओं के प्रति क्रूरता के खिलाफ सिवनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 गौवंश से भरे एक कंटेनर को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार गौवंश को ग्वालियर से सागर-नरसिंहपुर-सिवनी होते हुए नागपुर स्थित कत्लखाने ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गौवंश को मुक्त कराया और परिवहन में प्रयुक्त कंटेनर को जब्त करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सिवनी श्री कृष्ण लालचंदानी (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।

मुखबिर की सूचना पर छिंदवाड़ा ब्रिज में नाकाबंदी
पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में बड़ी संख्या में गौवंश को क्रूरतापूर्वक भरकर ग्वालियर से सागर, नरसिंहपुर और सिवनी होते हुए नागपुर ले जाया जा रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर छिंदवाड़ा ब्रिज के ऊपर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का कंटेनर क्रमांक MH 46 DL 0755 वहां पहुंचा। पुलिस ने वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली।
ठूंस-ठूंसकर भरे थे 70 गौवंश
पुलिस के मुताबिक कंटेनर के अंदर 70 गौवंश मिले। आरोप है कि गौवंश की गर्दन, मुंह और पैरों को रस्सियों से बांधकर उन्हें बेहद क्रूर तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था।
पुलिस के अनुसार वाहन में गौवंश के लिए चारा, भूसा, पानी तथा पर्याप्त रोशनी और हवा की व्यवस्था भी नहीं थी। कई गौवंश अचेत अवस्था में पाए गए।
पुलिस ने तत्काल सभी 70 गौवंश को कंटेनर से बाहर निकालकर मुक्त कराया और परिवहन में प्रयुक्त वाहन को विधिवत जब्त कर लिया।
10 लाख का कंटेनर जब्त, आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने कंटेनर चालक बहार ए आलम पिता रहीस अहमद, उम्र 40 वर्ष, निवासी जाहिद नगर करुला, थाना कटघर, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6 एवं 9, मध्यप्रदेश कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 6 एवं 7, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) तथा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दयोदय जीव रक्षा संस्थान में रखे गए गौवंश
पुलिस द्वारा मुक्त कराए गए सभी 70 गौवंश को पुलिस सुरक्षा में दयोदय जीव रक्षा संस्थान, बींझावाड़ा में सुरक्षित रखवाया गया है। वहीं जब्त कंटेनर को सुरक्षा की दृष्टि से रक्षित केंद्र सिवनी में खड़ा कराया गया है।
यह सामान हुआ जब्त
- कंटेनर क्रमांक MH46DL0755 — अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये
- 70 नग गौवंश
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सतीश तिवारी, सउनि जसवंत सिंह, प्रधान आरक्षक संतोष साहू, सौरभ ठाकुर, नवीन तिवारी, आरक्षक प्रतीक बघेल, पारस तुरकर, सीताराम एवं वाहन चालक मोनू डहेरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि जिले में अपराधों की रोकथाम और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है।



